विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP के गाडरवारा स्टेशन पर मधुमक्खियों का हमला, यात्रियों में भगदड़, दर्जनभर घायल

Published: Fri, 10 Apr 2026 02:17 PM (IST)

गाडरवारा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को मधुमक्खियों के झुंड ने यात्रियों पर हमला कर दिया, जिससे भगदड़ मच गई। इंटरसिटी ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. गाडरवारा स्टेशन पर मधुमक्खियों ने यात्रियों पर हमला किया।

  2. हमले में करीब 12 यात्री घायल, अस्पताल में भर्ती।

  3. पानी की टंकी पर लगे छत्तों की अनदेखी बनी वजह।

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों पर हमला बोल दिया। इंटरसिटी एक्सप्रेस के आगमन से ठीक पहले हुई इस घटना ने कुछ ही मिनटों में पूरे प्लेटफॉर्म को अफरा-तफरी में बदल दिया।

अचानक टूट पड़ा ‘डंक दल’, जान बचाने को भागे यात्री

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेन आने की घोषणा के बीच ही बड़ी संख्या में मधुमक्खियां प्लेटफॉर्म पर फैल गईं और यात्रियों को निशाना बनाने लगीं। अचानक हुए हमले से लोग घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे। देखते ही देखते हालात भगदड़ जैसे बन गए और प्लेटफॉर्म पर चीख-पुकार मच गई।

पहले से था खतरा, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई

बताया जा रहा है कि स्टेशन परिसर में बनी पानी की टंकी पर लंबे समय से मधुमक्खियों के छत्ते लगे हुए थे। स्थानीय लोगों ने कई बार इन्हें हटाने की मांग भी उठाई, लेकिन जिम्मेदारों ने इसे नजरअंदाज किया। आशंका है कि किसी कारण छत्तों में हलचल हुई और मधुमक्खियां अचानक आक्रामक हो गईं।

12 यात्री घायल, अस्पताल में इलाज जारी

हमले में करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए। रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल प्लेटफॉर्म नंबर 1 को खाली कराया और घायलों को गाडरवारा सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक सभी घायलों का इलाज जारी है, हालांकि कुछ लोगों को एक साथ कई डंक लगने से ज्यादा परेशानी हुई।

यह भी पढ़ें- चकमा देने चोर ने ली 'जलसमाधि', 5 घंटे कमल-नाल से लेता रहा सांस, फिर भी नहीं बच पाया... जबलपुर RPF ने फिल्मी अंदाज में पकड़ा

रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना के चलते कुछ समय तक स्टेशन की गतिविधियां प्रभावित रहीं और कई यात्रियों ने अपनी यात्रा टाल दी। इस लापरवाही के बाद रेलवे की सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द छत्तों को हटाने और स्टेशन परिसर में सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त करने की मांग की है।

फिलहाल, इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा और सतर्कता की जरूरत को उजागर कर दिया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।