100 करोड़ की सरकारी धान महाराष्ट्र में बेची, डिंडौरी की दो राइस मिलों और मंडी में EOW की छापेमारी
डिंडौरी में 100 करोड़ से अधिक के धान खरीदी फर्जीवाड़े में ईओडब्ल्यू जबलपुर ने जांच शुरू कर दी है। टीम ने बिना मिलिंग के सरकारी धान महाराष्ट्र में बेचने के मामले में दो राइस मिलों और गोरखपुर मंडी में छापामार कार्रवाई की है।

गोरखपुर मंडी में छापा मारने के बाद वापस लौटते ईओडब्ल्यू के डीएसपी स्वर्ण जीत सिंह धामी (कैप पहने) सहित टीम के सदस्य।
HighLights
मिल संचालक और 10 फर्जी किसानों को दिया नोटिस(
नाबालिग और मजदूरों के नाम पर हजारों क्विंटल खरीदी दर्शाई।
महाराष्ट्र की मुरमुरा फैक्ट्री में ऊंचे दाम पर बेच दिया धान।
डिजिटल डेस्क, डिंडौरी। डिंडौरी जिले में धान खरीदी के हुए फर्जीवाड़े में शुक्रवार को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) जबलपुर की टीम ने जांच शुरू कर दी है। 100 करोड़ से अधिक की सरकारी धान बिना मिलिंग किए महाराष्ट्र में बेचने के मामले में टीम ने गोरखपुर मंडी सहित दो राइस मिलों में छापामार कार्रवाई की है।
कलेक्टर के निर्देश पर हुई जांच
बता दें कि कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर हुई जांच में यह फर्जीवाड़ा सामने आया है। फर्जी किसानों के सहारे धान की खरीदी हुई और मिलर्स ने 13 साल के नाबालिग और मजदूरों के नाम पर हजारों क्विंटल धान खरीदी कागजों में दर्शाई है। सरकारी धान बिना मिलिंग के ही महाराष्ट्र की मुरमुरा फैक्ट्री में ऊंचे दामों पर बेच दी गई और जिले में घटिया चावल लाकर खपाया गया।
इन जगहों पर छापेमारी
ईओडब्ल्यू की टीम ने गोरखपुर मंडी के साथ ही हर्रा स्थित हरिहर वेयरहाउस और गणेशपुर स्थित राइस मिल में छापामार कार्रवाई की। टीम ने मंडी से धान परिवहन से जुड़े दस्तावेज, अनुज्ञप्ति की फाइलें और वेयरहाउस से एक साल की तौल पर्चियां जब्त की हैं। जिन किसानों से धान खरीदी दर्शाई, उनमें कई किसानों के पास जमीन ही नहीं है।
यह भी पढ़ें- कटनी से भेजा 31 ट्रक फोर्टिफाइड चावल गायब, परिवहन फर्म के चार साझेदारों पर FIR; कंप्यूटर से बनाई थीं फर्जी पावतियां
मिल की बिजली खपत में भी अंतर
जांच में मिल की बिजली खपत में भी बड़ा अंतर मिला है। कागजों में जितनी मिलिंग दर्शाई गई, उसके हिसाब से बिजली की खपत हुई ही नहीं। ईओडब्ल्यू के डीएसपी स्वर्ण जीत सिंह धामी ने बताया कि हरिहर वेयरहाउस हर्रा के संचालक स्वप्निल खनूजा सहित 10 कथित किसानों को नोटिस जारी कर सोमवार को जबलपुर कार्यालय बुलाया है। वहां उनके बयान दर्ज किए जाएंगे और दस्तावेजों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।