MP के डिंडौरी में दशगात्र भोज के बाद बिगड़ी ग्रामीणों की तबीयत, 50 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती
डिंडौरी जिले के झामझोला गांव में एक दसगात्र भोज के बाद दर्जनों ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गई। भोजन करने के ...और पढ़ें

अस्पताल में भर्ती ग्रामीण।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। प्रदेश के आदिवासी-बहुल डिंडौरी जिले के मेहंदवानी जनपद के ग्राम झामझोला में आयोजित एक दसगात्र भोज अचानक अफरा-तफरी में बदल गया, जब भोजन करने के कुछ घंटों बाद ही दर्जनों ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते गांव में कई लोगों की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और बीमार लोगों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया।
भोज के कुछ देर बाद ही बिगड़ी तबीयत
घटना शुक्रवार की है, जब गांव निवासी सुखचैन धुर्वे के घर दसगात्र कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए थे। सभी ने भोज में भोजन किया और अपने-अपने घर लौट गए। लेकिन रात करीब 12 बजे के बाद एक-एक कर लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हो गई, जिससे गांव में हड़कंप मच गया।
कराया अस्पताल में भर्ती
स्थिति बिगड़ने पर करीब 50 से अधिक ग्रामीणों को मंडला जिले के मोहगांव स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि मेहंदवानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी कुछेक मरीजों का इलाज जारी है। राहत की बात यह है कि सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार भोज में पुड़ी, सब्जी, दाल और चावल परोसे गए थे। आशंका जताई जा रही है कि भोजन में गड़बड़ी के कारण यह सामूहिक फूड पॉइजनिंग की घटना हुई।
यह भी पढ़ें- गांजे के साथ पकड़ाए आरोपी को थाने से ही छोड़ा, जबलपुर में थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी सस्पेंड
खाने के नमूने जांच को भेजे
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। भोज में परोसे गए खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए गए हैं। फिलहाल प्रशासन प्रारंभिक तौर पर फूड पॉइजनिंग मान रहा है, लेकिन असली वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी।