मुआवजे के 5 लाख के लिए डिंडौरी SP कार्यालय पहुंचीं चार बहनें, टेबल पर रखा नोटों से भरा थैला; बोलीं- हमें न्याय दिलाइए
डिंडौरी में राघवपुर बांध परियोजना के मुआवजे को लेकर परिवार में विवाद गहरा गया है। चार बहनें 5 लाख रुपये लेकर एसपी कार्यालय पहुंचीं और शेष 5 लाख रुपये दिलाने की गुहार लगाई, जबकि एक पक्ष ने पुलिसकर्मी पर पैसे लेने का आरोप लगाया है।

नोटों से भरा थैला लेकर एसपी कार्यालय पहुंचीं महिलाएं।
HighLights
राघवपुर बांध मुआवजे पर परिवार में गहराया विवाद।
चार बहनें शेष 5 लाख रुपये के लिए एसपी कार्यालय पहुंचीं।
एक पक्ष ने पुलिसकर्मी पर 5 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया।
डिजिटल डेस्क, डिंडौरी। प्रदेश के डिंडौरी में राघवपुर बहुउद्देशीय बांध परियोजना के मुआवजे ने एक परिवार के भीतर विवाद खड़ा कर दिया है। जमीन के बदले मिले 29.80 लाख रुपये में हिस्सेदारी को लेकर चल रहा विवाद अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गया। बुधवार को चार बहनें पांच लाख रुपये नकद से भरा थैला लेकर एसपी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने थैला पुलिस अधीक्षक आशीष खरे की टेबल पर रखते हुए शेष पांच लाख रुपये दिलाने की गुहार लगाई।
मामले में दिलचस्प मोड़ तब आया, जब जमीन पर खेती करने वाले चूरामन भरिया ने विक्रमपुर पुलिस चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक सतेंद्र पटेल पर मुआवजे में से पांच लाख रुपये लेने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के आरोप लगाए। हालांकि, प्रधान आरक्षक ने इन आरोपों को निराधार और मनगढ़ंत बताया है। दूसरी ओर, चारों बहनों का कहना है कि उन्हें तय समझौते के मुताबिक पूरी रकम नहीं मिली और अब उन्हें बदनाम करने के लिए पुलिस पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।
ऐसे शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, ग्राम मरवारी निवासी भादू सिंह और उनकी पत्नी फुली बाई की छह बेटियां थीं। इनके नाम कलावती, कलिया, मल्ली, हेमवती, भगवती और रजनी हैं। दंपती का कोई बेटा नहीं था। बेटियों की शादी के बाद बुजुर्ग दंपती ने मल्ली बाई और उनके पति चूरामन भरिया को अपने साथ रखा था, ताकि बुढ़ापे में उनका सहारा मिल सके।
भादू सिंह की वर्ष 1998 और फुली बाई की 1999 में मृत्यु हो गई। बताया जाता है कि दंपती की करीब 16 एकड़ जमीन का दानपत्र मल्ली बाई और उनके पति चूरामन के नाम था। दोनों इसी जमीन पर खेती करते थे।
बाद में नर्मदा नदी पर बन रही राघवपुर बहुउद्देशीय बांध परियोजना के कारण यह जमीन डूब क्षेत्र में आ गई। इसके बदले 29 लाख 80 हजार रुपये का मुआवजा निर्धारित हुआ। मुआवजे की राशि मिलने के बाद अन्य बहनों ने भी जमीन में अपना हिस्सा होने का दावा करते हुए रकम मांगी। गांव में पंचायत हुई, लेकिन विवाद का समाधान नहीं निकल सका।
10 लाख रुपये देने पर बनी सहमति, पांच लाख ही मिले
चारों बहनों ने 13 नवंबर को विक्रमपुर पुलिस चौकी में शिकायत की थी। शिकायत प्रधान आरक्षक सतेंद्र पटेल तक पहुंची। बताया गया कि पुलिस ने दोनों पक्षों को न्यायालय जाने की सलाह दी थी, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बहनें गांव में ही विवाद सुलझाना चाहती थीं।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच 10 लाख रुपये देने पर सहमति बनने की बात सामने आई। समझौते के मुताबिक, पांच लाख रुपये नकद और बाकी पांच लाख रुपये बैंक से निकालकर देने की बात तय हुई थी। आरोप है कि चूरामन ने पंचायत के सामने पांच लाख रुपये तो दे दिए, लेकिन बाकी रकम देने में आनाकानी करने लगे।
चूरामन का आरोप- प्रधान आरक्षक ने ले लिए पांच लाख रुपये
दूसरी ओर चूरामन भरिया ने एसपी कार्यालय में शिकायत देकर आरोप लगाया कि प्रधान आरक्षक सतेंद्र पटेल ने मुआवजे की रकम में से पांच लाख रुपये ले लिए हैं। उन्होंने झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया।
हालांकि, प्रधान आरक्षक ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उनका कहना है कि लगाए गए आरोप निराधार और मनगढ़ंत हैं।
पांच लाख रुपये का थैला लेकर पहुंचीं बहनें
बुधवार को कलावती, कलिया, हेमवती और भगवती पांच लाख रुपये नकद से भरा थैला लेकर एसपी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक की टेबल पर थैला रखते हुए अपनी बात रखी और शेष पांच लाख रुपये दिलाने की मांग की।
हेमवती ने बताया कि बांध परियोजना का पूरा मुआवजा मल्ली बाई के पति चूरामन के खाते में आया है। चारों बहनों को 10 लाख रुपये देने की सहमति बनी थी, लेकिन अब तक केवल पांच लाख रुपये ही मिले हैं। चूरामन बाकी रकम बैंक से निकालकर देने की बात कहकर गए थे, लेकिन वापस नहीं आए। हेमवती ने प्रधान आरक्षक को पांच लाख रुपये देने के आरोपों को भी गलत बताया।
यह भी पढ़ें- बालाघाट में सड़क हादसे के बाद पुलिस पर हमला, 20 से ज्यादा लोगों ने की मारपीट; 3 जवान घायल
एसपी ने बताया- जमीन और मुआवजे का विवाद सिविल कोर्ट का विषय
चारों बहनों की शिकायत सुनने के बाद एसपी आशीष खरे ने उन्हें आपसी सहमति से विवाद सुलझाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वे गांव की पंचायत, कलेक्टर कार्यालय और जरूरत पड़ने पर सिविल न्यायालय का सहारा ले सकती हैं।
एसपी के अनुसार, जमीन के स्वामित्व, हिस्सेदारी और मुआवजे की राशि से जुड़े विवादों का निराकरण राजस्व अधिकारियों या सक्षम न्यायालय के माध्यम से किया जाता है। पुलिस का कार्य आपराधिक मामलों में कार्रवाई करना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।