विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शहडोल को मिली 357 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, CM मोहन ने किया बिरसा मुंडा प्रतिमा का अनावरण

Published: Mon, 16 Nov 2026 08:29 PM (IST)

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहडोल में जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान 357.71 करोड़ रुपये के 82 विकास कार्यों का ...और पढ़ें

ब्यौहारी में आयोजित कार्यक्रम में सीएम डॉ. मोहन यादव व अन्य। (सौजन्य- जनसंपर्क विभाग)

ब्यौहारी में आयोजित कार्यक्रम में सीएम डॉ. मोहन यादव व अन्य। (सौजन्य- जनसंपर्क विभाग)

HighLights

  1. मुख्यमंत्री ने शहडोल में 357 करोड़ के विकास कार्य शुरू किए।

  2. भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण कर गौरव बढ़ाया।

  3. शहडोल में 4000 करोड़ की नई औद्योगिक इकाई की घोषणा।

डिजिटल डेस्क, भोपाल/शहडोल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को शहडोल जिले के ब्यौहारी में आयोजित जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया और जनजातीय समाज के लोगों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। पारंपरिक जनजातीय रीति-रिवाजों के साथ कार्यक्रम की शुरुआत करने के बाद मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर 357.71 करोड़ रुपये की लागत वाले 82 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 10 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शहडोल के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने बताया कि अगले महीने जिले में 4000 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाली नई औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन किया जाएगा। इसके साथ ही जयसिंहनगर को 291 करोड़ रुपये की लागत से बिजली सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही।

बिरसा मुंडा को बताया जनजातीय अस्मिता का महानायक

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने धर्मांतरण के खिलाफ लड़ाई लड़ी और देश व धर्म की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। 'अपना देश, अपना राज' का उद्घोष करने वाले बिरसा मुंडा जनजातीय अस्मिता के महानायक थे।

उन्होंने जनजातीय समाज के अन्य वीर नायकों का भी स्मरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर बूदु भगत और मदारा महतो ने 1831-32 में अंग्रेजों के खिलाफ अद्वितीय संघर्ष किया था। राज्य सरकार जनजातीय गौरव सप्ताह के माध्यम से ऐसे सभी महानायकों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि सप्ताह की शुरुआत जबलपुर में वीरांगना रानी दुर्गावती के स्मरण के साथ की गई थी। इसके बाद धार में करीब 1400 करोड़ रुपये की माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना की सौगात दी गई। जनजातीय क्षेत्रों में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए पिछले दिनों करीब 4000 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को भी मंजूरी दी गई है।

छात्रावासों व स्कूलों में सुविधाओं का होगा विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहडोल को मिले 357.71 करोड़ रुपये के विकास कार्यों में जनजातीय कार्य विभाग के छात्रावासों में डोरमेट्री, शौचालय, स्नानगृह और सीसी रोड निर्माण जैसे काम शामिल हैं। इसके अलावा स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय और बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश के जनजातीय अंचलों में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। पीएम जनमन योजना, हर घर नल से जल, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रदेशभर के स्कूलों और कॉलेजों में करीब 1500 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। खंडवा जिले को भी इसी दिन विकास कार्यों की नई सौगात दी जाएगी।

60 लाख हेक्टेयर बढ़ा सिंचाई का रकबा

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कृषि और ऊर्जा क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2002-03 से अब तक सिंचाई का रकबा बढ़कर 60 लाख हेक्टेयर तक पहुंचा है। एक समय ऐसा था, जब लोगों को रात में भी बिजली नहीं मिल पाती थी, लेकिन अब मध्य प्रदेश बिजली सरप्लस राज्य बन चुका है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य जनजातीय क्षेत्रों समेत प्रदेश के प्रत्येक हिस्से का संतुलित और समग्र विकास करना है। बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए सांदीपनि विद्यालयों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

ग्रामीण क्षेत्रों में फिर शुरू होंगी सुगम परिवहन बस सेवाएं

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में एक बार फिर मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवाएं शुरू की जाएंगी। इसके अलावा वन अधिकार पट्टाधारकों को भी निश्शुल्क रजिस्ट्री योजना का लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत अब तक ग्रामीण आबादी की 20 लाख 50 हजार संपत्तियों की रजिस्ट्री हो चुकी है। सरकार का लक्ष्य इस आंकड़े को बढ़ाकर 50 लाख तक पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के मुद्दे पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मध्य प्रदेश ने नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता हासिल की है। एक समय शहडोल, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी जैसे जिलों में जाने से लोग डरते थे, लेकिन अब नक्सलवाद की समस्या को जड़ से समाप्त करने में सफलता मिली है।

यह भी पढ़ें- कटनी की निलंबित CSP नेहा पच्चीसिया को हाई कोर्ट से झटका, FIR निरस्त करने की याचिका खारिज

दूध उत्पादन बढ़ाने पर जोर 

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में जनजातीय समुदाय की 43 जातियां शामिल हैं। सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित कर रही है। इसके लिए सहकारी समितियों को मजबूत किया जाएगा, ताकि किसानों और पशुपालकों को उनके दूध का उचित मूल्य मिल सके।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर घर में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिले और पशुपालन ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने का मजबूत माध्यम बने। शहडोल सहित पूरे प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए सरकार लगातार काम करती रहेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।