बांधवगढ़ में फिर बाघ की मौत, मानपुर बफर में मिला शव; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर क्षेत्र में 8-10 वर्ष के एक बाघ का शव मिला है, जिसके सभी अंग ...और पढ़ें

बाघ के शव का परीक्षण करते चिकित्सक। (सौजन्य- वन विभाग)
HighLights
बांधवगढ़ के मानपुर बफर क्षेत्र में बाघ का शव मिला।
बाघ के सभी अंग, नाखून और दांत सुरक्षित पाए गए।
मौत का कारण जानने के लिए नमूने प्रयोगशाला भेजे गए।
डिजिटल डेस्क, उमरिया। प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में बाघों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। बुधवार को मानपुर बफर क्षेत्र में करीब 8 से 10 वर्ष उम्र के एक बाघ का शव मिला। बाघ के सभी अंग, नाखून और दांत सुरक्षित पाए गए हैं। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। वन विभाग ने पोस्टमार्टम के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं, रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का कारण सामने आएगा।
वन विभाग के कर्मचारियों को बुधवार को नियमित पैदल गश्ती के दौरान बाघ का शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शहडोल से डॉग स्क्वाड बुलाया गया। मेटल डिटेक्टर की मदद से घटनास्थल और आसपास के जंगल में सघन तलाशी ली गई, लेकिन कोई संदिग्ध गतिविधि या वस्तु नहीं मिली।
सभी अंग सुरक्षित
गुरुवार को पशु चिकित्सक डॉ. अभय सेंगर और डॉ. विपिन चंद्र आदर्श ने बाघ का पोस्टमार्टम किया। जांच के दौरान उसके शरीर के सभी अंग, नाखून और दांत सुरक्षित मिले। मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने के कारण आवश्यक नमूने एकत्रित कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
वन विभाग ने निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद बाघ का अंतिम संस्कार कर दिया। अब जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि बाघ की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई, बीमारी के कारण या किसी अन्य वजह से।
यह भी पढ़ें- बांधवगढ़ के पास तेंदुए का आतंक: घर में घुसकर सात ग्रामीणों पर किया हमला, बच्ची के चेहरे पर गंभीर जख्म
टाइगर स्टेट में 58 बाघों की मौत
मध्य प्रदेश में इस साल अब तक 58 बाघों की मौत दर्ज की जा चुकी है। इनमें बांधवगढ़ और सामान्य वन मंडल में 15, जबकि कान्हा टाइगर रिजर्व में 12 बाघों की मौत हुई है। कान्हा में मृत बाघों में से नौ की मौत कैनाइन डिस्टेंपर वायरस (CDV) के कारण हुई थी।
लगातार हो रही बाघों की मौत ने प्रदेश के वन्यजीव संरक्षण और निगरानी व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। बांधवगढ़ के मानपुर बफर क्षेत्र में मिले बाघ के शव की जांच रिपोर्ट से अब मौत के कारणों पर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।