बालाघाट में मालगाड़ी की चपेट में आने से बाघ शावक की मौत, रातभर दहाड़ती रही बाघिन; ग्रामीणों में दहशत
तिरोड़ी-कटंगी रेलवे ट्रैक पर मिला बाघ शावक का क्षत-विक्षत शव। शावक की मौत के बाद आसपास ही मंडराती रही बाघिन। वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

रेलवे ट्रैक पर पड़ा बाघ शावक का शव।
डिजिटल डेस्क, बालाघाट। प्रदेश के बालाघाट जिले में रेलवे ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आने से डेढ़ वर्षीय नर बाघ शावक की मौत हो गई। घटना के बाद उसकी मां बाघिन घटनास्थल के आसपास ही मौजूद रही और लगातार दहाड़ती रही। बाघिन की तेज दहाड़ से खरपड़िया, तिल्ली टोला और पौनिया गांव के ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में सुरक्षा व निगरानी बढ़ा दी।
घटना वन विकास निगम के लामता परियोजना मंडल बालाघाट के वारासिवनी परियोजना परिक्षेत्र अंतर्गत तिरोड़ी-कटंगी रेलवे ट्रैक पर हुई। खरपड़िया पंचायत के ग्राम तिल्ली टोला के पास ब्रिज नंबर 173, कक्ष क्रमांक 786 के नजदीक शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब तीन बजे शावक मालगाड़ी की चपेट में आ गया।
दहाड़ती रही मां बाघिन
जानकारी के अनुसार, इस इलाके में एक बाघिन अपने तीन शावकों के साथ विचरण कर रही थी। माना जा रहा है कि हादसे में मारा गया शावक भी इसी समूह का हिस्सा था। उसकी मौत के बाद बाघिन घटनास्थल के आसपास रहकर लगातार दहाड़ती रही। रविवार सुबह जब ग्रामीणों ने दहाड़ की आवाज सुनी तो वे रेलवे ट्रैक की ओर पहुंचे। वहां शावक का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला।
आसपास बाघिन की मौजूदगी के कारण ग्रामीण शव के करीब जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। इसके बाद तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई। तिरोड़ी थाना पुलिस और वन विकास निगम का अमला मौके पर पहुंचा। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को सुरक्षित किया गया और डॉग स्क्वाड की मदद से सर्चिंग कराई गई।

बाघिन की मौजूदगी से बढ़ाई गई निगरानी
वन विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। साथ ही आसपास के गांवों के लोगों को जंगल की ओर नहीं जाने और सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। बाघिन और उसके शेष शावकों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।
जंगल से गुजरता है पांच किमी लंबा रेलवे ट्रैक
कटंगी और तिरोड़ी के जंगल महाराष्ट्र की सीमा के साथ पेंच टाइगर रिजर्व के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। खांडीटोला और पौनिया सहित आसपास के जंगलों में बाघ, तेंदुए समेत कई वन्यजीवों की आवाजाही रहती है। तिरोड़ी से कटंगी के बीच करीब पांच किलोमीटर का रेलवे ट्रैक घने जंगल से होकर गुजरता है।
यह भी पढ़ें- बाहर गार्ड तैनात, अंदर 12 करोड़ के जेवर साफ! कटनी में ज्वेलरी शोरूम की दीवार में सेंध लगाकर सनसनीखेज चोरी
इस रेलखंड पर पहले भी कई बार वन्यजीव ट्रेन की चपेट में आकर जान गंवा चुके हैं। ताजा घटना ने एक बार फिर जंगल से गुजरने वाले रेलमार्ग पर वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
कटंगी से तुमसर नागपुर रेलवे ट्रैक पर ग्राम तिल्ली टोला ब्रिज के पास में बाघ शावक की मौत हुई है। डॉग स्क्वाड की मदद से सर्चिंग की जा रही हैं। मौके पर लगे ट्रैप कैमरे की मदद से बाघिन के मूवमेंट जानने का प्रयास किया जा रहा है।
-सुंदर निवेदन एम, संभागीय प्रबंधक, वन विकास निगम लामता परियोजना मंडल बालाघाट।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।