अमरकंटक में 35 साल बाद साकार हुआ श्री यंत्र मंदिर, कमल और महामेरू पर्वत जैसी है भव्य संरचना; गुरु-पुष्य नक्षत्र में ही हुआ निर्माण
अमरकंटक में 35 साल के लंबे इंतजार के बाद श्री यंत्र मंदिर बनकर तैयार हो गया है, जो महामेरू पर्वत ...और पढ़ें

अमरकंटक स्थित श्री यंत्र महामेरू मंदिर। (फोटो- जागरण)
HighLights
श्री यंत्र मंदिर अमरकंटक में 35 साल बाद पूरा हुआ।
महामेरू पर्वत और खिले कमल जैसी है भव्य संरचना।
निर्माण कार्य केवल गुरु पुष्य नक्षत्र में किया गया।
गणेश रजक, अनूपपुर। मध्य प्रदेश की जीवनरेखा कही जाने वाली पुण्य सलिला नर्मदा नदी के उद्गम स्थल अमरकंटक की पहचान अब एक ऐसे अनूठे आध्यात्मिक स्थापत्य से भी जुड़ गई है, जहां श्री यंत्र का त्रिआयामी स्वरूप साकार हुआ है। यहां निर्मित श्री यंत्र महामेरू शक्तिपीठ यानी श्री यंत्र मंदिर सामान्य मंदिरों से बिल्कुल अलग है। इसका पूरा परिसर विशाल महामेरू पर्वत और खिले हुए कमल के फूल की आकृति जैसा दिखाई देता है।
1991 में शुरू हुआ था निर्माण
मंदिर निर्माण वर्ष 1991 में भारतीय प्राच्य योग शोध संस्थान ने शुरू कराया था, जो अक्टूबर 2026 के अंत में पूरा हुआ। करीब 35 वर्षों की निर्माण यात्रा में गुरु पुष्य नक्षत्र को विशेष महत्व दिया गया। मान्यता के अनुसार इस शुभ नक्षत्र में ही निर्माण कार्य किया जाता रहा, जो वर्ष में सीमित दिनों के लिए आता है। इसलिए निर्माण की गति सामान्य मंदिरों की तरह निरंतर नहीं रही।
श्री यंत्र की जटिल ज्यामितीय संरचना को मंदिर के स्वरूप में उतारना भी बड़ी चुनौती थी। श्री यंत्र की संपूर्ण संरचना को थ्री-डी स्वरूप में प्रस्तुत करता यह शक्तिपीठ प्राचीन श्रीविद्या उपासना, तंत्र साधना और भारतीय स्थापत्य परंपरा का विशिष्ट संगम है।
प्रवेश द्वार पर देवी शक्तियों का स्वरूप
मंदिर के प्रवेश द्वार के ऊपरी हिस्से में चार विशाल देवी मुख बनाए गए हैं। इनमें मां महालक्ष्मी, मां महासरस्वती, मां महाकाली व मां भुवनेश्वरी के स्वरूपों को स्थान मिला है। प्रवेश द्वार की स्थापत्य संरचना में चौसठ योगिनियों के साथ भगवान गणेश और कार्तिकेय की सूक्ष्म एवं कलात्मक मूर्तियां उकेरी गई हैं। मंदिर की मूल आराध्य देवी मां महात्रिपुर सुंदरी हैं, जिन्हें राजराजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी के नाम से भी पूजा जाता है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर रेलवे स्टेशन पर फूड स्टाल में भड़की आग, प्लेटफार्म पर मची अफरा-तफरी; पार्सल भी जले
यह भी है खास
मंदिर के चारों कोनों पर काल तत्व का अंकन किया गया है। साथ ही सिंह और नाग की आकृतियों को भी स्थान दिया गया है। संरचना में वास्तुशास्त्र, गणित, तंत्र विज्ञान, कला और वेदांत की अवधारणाओं को समाहित करने का प्रयास किया गया है। संस्थापक ब्रह्मलीन संत आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी शुकदेवानंद महाराज की आध्यात्मिक दृष्टि ने इस धार्मिक परिसर को विशिष्ट पहचान प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।