विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बालाघाट एयर होस्टेस हत्याकांड: पति की प्रेमिका को मरवाने पत्नी ने दी थी 13 लाख की सुपारी, 250 CCTV फुटेज से खुला राज; 4 गिरफ्तार

Published: Thu, 19 Nov 2026 05:51 PM (IST)

महाराष्ट्र के गोंदिया में एयर होस्टेस वर्षा तुरकर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। पति के दूसरी महिला से ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।

HighLights

  1. एयर होस्टेस वर्षा तुरकर हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा।

  2. पति के प्रेम संबंधों से नाराज पत्नी ने हत्या की साजिश रची।

  3. 13 लाख रुपये की सुपारी दी, जीपीएस से कार ट्रैक की।

डिजिटल डेस्क, बालाघाट। महाराष्ट्र के गोंदिया में एयर होस्टेस वर्षा तुरकर हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक पति के दूसरी महिला से प्रेम संबंधों से नाराज पत्नी ने ही वर्षा की हत्या की साजिश रची थी। इसके लिए उसने कथित तौर पर 13 लाख रुपये की सुपारी दी। हत्यारों ने जीपीएस के जरिए कार की लोकेशन ट्रैक की और मौका मिलते ही वर्षा पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

मृतका वर्षा तुरकर (35) मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के खैरलांजी क्षेत्र के नवेगांव (ख) की निवासी थी। 14 नवंबर को गोंदिया के बोंडरानी गांव के जंगल में शिव मंदिर के पास उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले की जांच के बाद गोंदिया पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें नितेश अग्रवाल की पत्नी मोना अग्रवाल (41), इमरान शेख (26), शाहरुख पठान (33) और कुणाल कुंभलकर (31) शामिल हैं। वहीं, नलन उर्फ नायलान शेख (24) और कृष्णा राऊत (19) की तलाश की जा रही है।

पति के प्रेम संबंध से नाराज थी पत्नी, पड़ोसी संग रची साजिश

गोंदिया पुलिस के अनुसार, नितेश अग्रवाल और वर्षा के बीच प्रेम संबंध थे। इस बात को लेकर नितेश की पत्नी मोना नाराज रहती थी। उसने वर्षा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और इसमें अपने पड़ोसी कुणाल कुंभलकर को शामिल किया।

पुलिस की जांच में सामने आया कि कुणाल ने हत्या की सुपारी देने के लिए शाहरुख पठान से संपर्क किया। कथित तौर पर 13 लाख रुपये में हत्या का सौदा तय हुआ। इसके बाद शाहरुख ने अपने परिचित इमरान शेख, नलन शेख और कृष्णा राऊत को वारदात की जिम्मेदारी सौंपी।

पत्नी के नाम पर कार, GPS से मिलती रही लोकेशन

इस हत्याकांड में कार की लोकेशन ट्रैक करने का तरीका भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, नितेश जिस कार से सफर कर रहा था, वह उसकी पत्नी मोना के नाम पर रजिस्टर्ड थी। कार में लगे जीपीएस से जुड़े मोबाइल एप की मदद से आरोपितों को उसकी लोकेशन मिल रही थी।

इसी तकनीक के जरिए हमलावर नितेश की कार का पीछा कर रहे थे। बालाघाट की ओर जाते समय बोंडरानी गांव के जंगल में शिव मंदिर के पास उन्हें वारदात का मौका मिल गया। यहां वर्षा पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।

250 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले

हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए गोंदिया पुलिस ने व्यापक स्तर पर जांच की। एसपी गौरव भामरे के निर्देशन में गठित टीम ने घटनास्थल से लेकर तिरोड़ा, खैरलांजी, वारासिवनी और बालाघाट होते हुए गोंदिया तक 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

फुटेज में तीन संदिग्ध बाइक सवार नितेश की कार का पीछा करते दिखाई दिए। पुलिस ने इसी सुराग को आधार बनाकर जांच आगे बढ़ाई और कथित सुपारी किलिंग की साजिश का खुलासा किया। कार्रवाई एएसपी अभय डोंगरे के मार्गदर्शन में अपराध शाखा निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुड़े की टीम ने की। जांच में बालाघाट पुलिस का भी सहयोग मिला।

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र में MP की एयर होस्टेस की चाकू से गोदकर हत्या, साथ घूमने गए दोस्त पर संदेह

60 लाख रुपये के लेनदेन की भी होगी जांच

गोंदिया एसपी गौरव भामरे ने गुरुवार को पत्रकारवार्ता में बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है। वर्षा और नितेश के बीच करीब 60 लाख रुपये के कथित लेनदेन की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस आर्थिक लेनदेन का हत्याकांड से कोई संबंध था या नहीं और नितेश की इस पूरे मामले में क्या भूमिका रही।

इसके अलावा, मोना ने सुपारी की रकम जुटाने के लिए जिस व्यक्ति से 13 लाख रुपये लिए थे, उसे भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस फरार दोनों आरोपितों की तलाश के साथ हत्या की साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।