उज्जैन के विश्वविद्यालय में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, कुलसचिव की नेमप्लेट तोड़ी; जूते दिखाकर की नारेबाजी
उज्जैन के सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने परीक्षा परिणामों और प्रशासनिक अव्यवस्थाओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन ...और पढ़ें

कुलसचिव डॉ. अनिल शर्मा के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान जूता उठाकर मारने के नारे लगाता छात्र नेता। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
एनएसयूआई ने परीक्षा परिणामों और अव्यवस्थाओं पर विरोध किया।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने कुलसचिव डॉ. अनिल शर्मा की नेमप्लेट तोड़ दी।
प्रदर्शन के दौरान जूते दिखाकर नारेबाजी, माहौल तनावपूर्ण हुआ।
डिजिटल डेस्क, उज्जैन। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की नाराजगी सोमवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान खुलकर सामने आई। परीक्षा परिणामों और विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्थाओं से नाराज एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने माधव भवन पहुंचकर कुलसचिव कार्यालय के बाहर जमकर हंगामा किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कुलसचिव डॉ. अनिल शर्मा की नेमप्लेट तोड़ दी। हाथों में जूते लेकर उनके खिलाफ नारेबाजी की और कार्यालय के शटर पर धक्का-मुक्की भी की।
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष हिमांशु शुक्ल के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन का वीडियो भी सामने आया है। इसमें छात्र कुलसचिव कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते, जूते दिखाते और शटर को धक्का देते नजर आ रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।
परीक्षा परिणाम और व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि विश्वविद्यालय में परीक्षा परिणामों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर लगातार समस्याएं सामने आ रही हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर छात्र संगठन ने कुलसचिव के खिलाफ मोर्चा खोला। विरोध के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए कार्रवाई की मांग की।
हालांकि, विरोध प्रदर्शन के दौरान नेमप्लेट तोड़ने और कार्यालय के शटर पर धक्का-मुक्की करने की घटनाओं ने छात्र आंदोलन के तरीके को भी चर्चा में ला दिया है।
छात्रावास की अव्यवस्थाओं पर भी उठ चुके हैं सवाल
विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने विद्यार्थियों की शिकायतों का यह पहला मामला नहीं है। कुछ दिन पहले विद्वतम छात्रावास में रहने वाली छात्राओं ने भोजन की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और परिसर में जहरीले जीव-जंतुओं की मौजूदगी को लेकर गंभीर शिकायतें की थीं।
छात्राओं ने मीडिया के सामने छात्रावास में खराब भोजन और असुरक्षित माहौल का मुद्दा उठाया था। इसके बाद विश्वविद्यालय की छात्रावास व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी को लेकर सवाल खड़े हुए थे।
अब परीक्षा परिणाम और दूसरी प्रशासनिक समस्याओं को लेकर एनएसयूआई के प्रदर्शन ने विश्वविद्यालय प्रशासन और विद्यार्थियों के बीच बढ़ते विवाद को फिर सुर्खियों में ला दिया है।
यह भी पढ़ें- मंच से बोले BAP विधायक कमलेश्वर डोडियार- 'क्या इस्तीफा दे दूं?' भीड़ ने कहा- 'दे दो'; वायरल हुआ वीडियो
नौ साल बाद छात्रसंघ चुनाव की चर्चा से बढ़ी हलचल
प्रदेश में करीब नौ साल के अंतराल के बाद छात्रसंघ चुनाव का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। अगस्त 2026 में हाई कोर्ट की ओर से शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव कराने के निर्देश दिए जाने के बाद छात्र संगठनों की गतिविधियां बढ़ी हैं।
परीक्षा परिणाम, छात्रावासों की सुविधाएं, शैक्षणिक समस्याएं और प्रशासनिक जवाबदेही जैसे मुद्दों पर छात्र संगठन सक्रिय नजर आ रहे हैं। उज्जैन के विक्रम विश्वविद्यालय में हुआ यह प्रदर्शन भी इसी माहौल के बीच सामने आया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।