उज्जैन में स्कूल प्राचार्य की शर्मनाक हरकत! छात्रों को मुर्गा बनाकर मारी लात, वीडियो वायरल
उज्जैन के नागदा जंक्शन स्थित भारत कॉमर्स हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य का छात्रों के साथ दुर्व्यवहार का वीडियो वायरल ...और पढ़ें

स्कूल में छात्रों को मुर्गा बनाकर पैर से मारते प्राचार्य। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
नागदा जंक्शन में स्कूल प्राचार्य का छात्रों से दुर्व्यवहार का वीडियो वायरल।
वीडियो में प्राचार्य छात्रों को मुर्गा बनाकर उन्हें लात मारते हुए दिखे।
वीडियो वायरल होने के बाद स्कूल प्रबंधन ने प्राचार्य को थमाया नोटिस।
डिजिटल डेस्क, उज्जैन। प्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा जंक्शन स्थित भारत कॉमर्स हायर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। स्कूल के प्राचार्य केबी गुप्ता का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हो रहा है। इसमें वे छात्रों को मुर्गा बनवाकर पैर से मारते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया है। प्रबंधन ने प्राचार्य को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
वीडियो वायरल होने के बाद जागा शिक्षा विभाग
मामले की जानकारी सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की ओर से भी प्राचार्य को नोटिस जारी करने और कार्रवाई करने की तैयारी की बात कही जा रही है। वहीं, विद्यार्थियों के अभिभावक भी इस घटना को लेकर नाराज हैं। बताया जा रहा है कि कुछ अभिभावक प्राचार्य के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के लिए आवेदन देने की तैयारी कर रहे हैं।
फिलहाल स्कूल प्रबंधन ने प्राचार्य से पूरे मामले में जवाब मांगा है। उनके स्पष्टीकरण के बाद आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।
वर्ष 2025 से संभाल रहे प्राचार्य का पद
जानकारी के अनुसार, केबी गुप्ता इससे पहले कई वर्षों तक नवोदय विद्यालय में प्राचार्य रहे हैं। वे वर्ष 2022 में सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद वर्ष 2025 से भारत कॉमर्स हायर सेकेंडरी स्कूल में प्राचार्य के रूप में कार्य कर रहे हैं।
वीडियो बहुप्रसारित होने के बाद अब स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर सबकी नजर है।