महाकाल मंदिर के प्रतिबंधित क्षेत्र में BJP विधायक गोलू शुक्ला के बेटे ने बनाई रील, सुरक्षा एजेंसी पर पांच लाख का जुर्माना
ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला ने प्रतिबंधित क्षेत्र में रील बनाई। इस घटना ...और पढ़ें

समर्थकों के साथ मोबाइल लेकर मंदिर के भीतर जाता रुद्राक्ष शुक्ला। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
भाजपा विधायक के बेटे ने मंदिर के प्रतिबंधित क्षेत्र में बनाई रील।
प्रोटोकॉल से दर्शन कराने तथा आवभगत में लगे रहे कर्मचारी।
विधायक पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला का विवादों से पुराना नाता रहा है।
डिजिटल डेस्क, उज्जैन। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में इंदौर के भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला द्वारा प्रतिबंधित क्षेत्र में रील बनाने का मामला समाने आया है। वीडियो बहुप्रसारित होने के बाद मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभाल रही कोर कंपनी पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। घटना पुरानी बताई जा रही है।
आवभगत में लगे रहे कर्मचारी
रुद्राक्ष ने महाकाल दर्शन करने आने पर मंदिर के बाहर से चांदी द्वार तक रील बनाई। इस दौरान कर्मचारी रुद्राक्ष को प्रोटोकॉल से दर्शन कराने तथा उसकी आवभगत में लगे रहे। किसी ने भी उन्हें प्रतिबंधित क्षेत्र में रील बनाने से नहीं रोका। इंटरनेट मीडिया पर दर्शन की रील बहुप्रसारित होने के बाद घटना की जानकारी मिली। मामला मीडिया की सुर्खी बनने के बाद अफसर जागे और सुरक्षा एजेंसी पर जुर्माना लगा दिया।
भक्तों के मोबाइल जमा, वीआईपी ले जा रहे
महाकाल मंदिर में सामान्य व वीआईपी भक्तों के लिए अलग नियम है। अगर कोई भक्त 250 रुपये का शीघ्र दर्शन टिकट खरीदकर भगवान महाकाल के दर्शन करने की इच्छा रखता है, तो उसे व्यवस्था के नाम पर अपना मोबाइल लाकर में जमा कराना होता है, जबकि वीआईपी रसूख के साथ अपना मोबाइल साथ ले जाते हैं।
कुछ रसूखदार फोटोग्राफी भी करते हैं, उन्हें सामान्य सुरक्षाकर्मी रोक नहीं पाते हैं। अगर गार्ड रोकते हैं, तो उनपर अभद्रता का आरोप लगाकर दंडित किया जाता है। बीते दिनों कुछ साधु-संतों ने गार्डों पर चेकिंग करने का आरोप लगाते हुए इसे अभद्रता करार दिया था।
जांच की जा रही है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले गार्डों की पहचान के बाद कार्रवाई होगी।
- राहुल शर्मा, सुरक्षा व्यवस्था प्रभारी, महाकालेश्वर मंदिर।एक माह पुरानी रील है। बेवजह मामले को तूल दिया जा रहा है। कोई शिकायत नहीं है और न ही कंपनी पर इसके लिए जुर्माना लगाया गया है।
- गोलू शुक्ला, विधायक विधानसभा क्षेत्र इंदौर तीन
रुद्राक्ष का विवादों से रहा है नाता
रुद्राक्ष शुक्ला 11 अप्रैल 2025 को देवास स्थित माता टेकरी पहुंचा था। यहां पट बंद होने के बावजूद जबरन माता मंदिर के पट खुलवाए थे। पुजारी को धमकाया था। कई गाड़ियों के काफिले के साथ वह माता टेकरी पहुंचा था। मामले में पुलिस ने रुद्राक्ष शुक्ला सहित अन्य के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट व धमकाने की धाराओं (बीएनएस 296, 115 (2), 351(3)) में केस दर्ज किया था। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने नाराजगी जताई थी। बाद में विधायक गोलू शुक्ला ने माफी मांगी थी। रुद्राक्ष को भी माफी मांगनी पड़ी थी।
यह भी पढ़ें- उज्जैन की वैश्य टेकरी में 88 साल बाद फिर उत्खनन की तैयारी, सांची से भी बड़े बौद्ध स्तूप का रहस्य खोजेगा ASI
-जुलाई 2025 में रुद्राक्ष अपने विधायक पिता गोलू शुक्ला के साथ प्रतिबंधित होने के बावजूद महाकाल मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर गया था। उस दौरान रोके जाने पर मंदिर कर्मचारियों से अभद्रता भी की थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।