उज्जैन की वैश्य टेकरी में 88 साल बाद फिर उत्खनन की तैयारी, सांची से भी बड़े बौद्ध स्तूप का रहस्य खोजेगा ASI
उज्जैन की वैश्य टेकरी में 88 साल बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा फिर से उत्खनन किया जाएगा, जहां सांची ...और पढ़ें

उज्जैन की वैश्य टेकरी । (सौजन्य- एएसआई)
HighLights
वैश्य टेकरी में 88 साल बाद फिर होगा उत्खनन।
सांची से भी बड़ा बौद्ध स्तूप मिलने की संभावना।
मौर्यकालीन इतिहास को समझने में मिलेगी मदद।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। उज्जैन की ऐतिहासिक वैश्य टेकरी में 88 साल बाद एक बार फिर पुरातात्विक उत्खनन होगा। वर्ष 1938 में यहां पहली बार खोदाई की गई थी, लेकिन जहरीली गैस निकलने से कुछ मजदूरों के बेहोश होने के बाद काम रोक दिया गया था। अब भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) के महानिदेशक ने दोबारा खोदाई की अनुमति दी है।
दिसंबर 2026 में उत्खनन शुरू करने की तैयारी है। परियोजना का दायित्व भोपाल सर्किल के अधीक्षण पुरातत्वविद् डॉ.शिवाकांत वाजपेयी को सौंपा गया है। उल्लेखनीय है कि मौर्य काल में सम्राट अशोक (268 से 232 ईसा पूर्व) के शासनकाल में इस स्तूप का निर्माण कराया गया था।
विशाल बौद्ध स्तूप के दबे होने की संभावना
वैश्य टेकरी इसलिए खास है, क्योंकि यहां सांची के प्रसिद्ध स्तूप से भी बड़ा बौद्ध स्तूप होने की संभावना है। वर्ष 1938-39 की उत्खनन रिपोर्ट में इसके आधार का व्यास करीब 350 फीट और ऊंचाई कम से कम 100 फीट बताई गई थी, जबकि सांची के मुख्य स्तूप का व्यास करीब 120 फीट और ऊंचाई 54 फीट है। यहां दो छोटे स्तूपों के अवशेष भी मिले थे।
पहली खोदाई में मिले थे 42 मानव कंकाल
बता दें कि पहली खोदाई में वैश्य टेकरी के आसपास के क्षेत्र में 42 मानव कंकाल मिले थे। इनमें बच्चों और वयस्कों के कंकाल भी शामिल थे। कुछ शव दफनाए गए थे तो कुछ के दाह संस्कार के प्रमाण मिले थे। अलग-अलग मुद्राओं में मिले इन कंकालों का रहस्य अब तक पूरी तरह नहीं सुलझा है। अब उत्खनन से आसपास के पुरातात्विक स्थलों और उस समय की सामाजिक एवं धार्मिक परंपराओं के संबंध समझने में मदद मिल सकती है।
यह भी पढ़ें- MP में अब दूर-दराज की बस्तियां भी होंगी रोशन, 20 घरों के मजरा-टोला तक बिजली पहुंचाएगी मोहन सरकार
उल्लेखनीय की एएसआई भोपाल सर्किल, मध्य प्रदेश पुरातत्व विभाग के सहयोग से मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मैनिट) के सिविल इंजीनियरिंग विभाग में ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार से टेकरी के नीचे उपस्थित सामग्री का पता लगाने के लिए अध्ययन किया था। इसकी रिपोर्ट भी तैयार की जा रही है। सूत्रों के अनुसार एक सप्ताह में रिपोर्ट सामने आ जाएगी
बुद्ध लोक के रूप में विकसित करने की योजना
राज्य सरकार वैश्य टेकरी को बौद्ध विरासत के प्रमुख केंद्र बुद्ध लोक के रूप में विकसित करना चाहती है। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव की भी इस परियोजना में विशेष रुचि है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।