उज्जैन महाकाल मंदिर के पुजारी दुबई में फंसे, बुर्ज खलीफा के पास ठहरे थे, परिजन परेशान
ईरान के हमले के बाद दुबई में हवाई सेवाएं बाधित होने से उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी पं. विकास ...और पढ़ें

महाकाल मंदिर के पुजारी विकास शर्मा दुबई में फंसे।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इंदौर। ईरान द्वारा दुबई पर किए गए हमले के बाद संयुक्त अरब अमीरात में हवाई सेवाएं बाधित हो गई हैं। इस स्थिति में भारत के कई नागरिक वहां फंसे हुए हैं। इनमें उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर के पुजारी पं. विकास शर्मा भी शामिल हैं, जो पांच दिवसीय यात्रा पर दुबई गए थे और अब वापसी न हो पाने के कारण वहीं रुके हुए हैं।
बताया जा रहा है कि पं. शर्मा दुबई के प्रतिष्ठित क्षेत्र बुर्ज खलीफा के आसपास ठहरे हुए थे। सुरक्षा कारणों से उन्हें फिलहाल अन्य स्थान पर शिफ्ट किया गया है।
28 फरवरी को लौटना था, फ्लाइट रद्द
जानकारी के अनुसार पं. शर्मा 28 फरवरी की रात भारत लौटने के लिए विमान में सवार हो चुके थे। करीब ढाई घंटे तक यात्री विमान में बैठे रहे, लेकिन बाद में एयरपोर्ट अथॉरिटी ने हमले की सूचना देते हुए उड़ान रद्द कर दी। एयरस्पेस बंद होने के कारण फिलहाल उड़ानों की बहाली को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन चिंतित हो गए और लगातार फोन पर संपर्क बनाए हुए हैं।
यूएई में इंदौर सहित प्रदेश के सैकड़ों यात्री फंसे
इजराइल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते यूएई समेत अन्य खाड़ी देशों की हवाई कनेक्टिविटी प्रभावित हुई है। यूएई का एयरस्पेस बंद होने से भारत आने-जाने वाली सभी उड़ानें निरस्त कर दी गई हैं।
इंदौर और मध्य प्रदेश के सैकड़ों यात्री दुबई व शारजाह में फंसे हुए हैं। वापसी की कोई उड़ान उपलब्ध न होने से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
यात्रियों पर बढ़ा आर्थिक बोझ
घूमने गए पर्यटकों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। उड़ानें रद्द होने से उन्हें दोबारा होटल बुकिंग करानी पड़ रही है और अतिरिक्त खर्च वहन करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें- अमेरिका-ईरान तनाव का असर : दुबई में फंसे इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला समेत कई कारोबारी, मोदी-शाह से मदद की गुहार
ट्रेवल्स एजेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह जादौन के मुताबिक इंदौर और मध्य प्रदेश से बड़ी संख्या में यात्री दुबई की यात्रा करते हैं, ऐसे में मौजूदा हालात का असर व्यापक रूप से देखने को मिल रहा है।
फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं, लेकिन हवाई सेवाएं बहाल होने तक उनकी घर वापसी अनिश्चित बनी हुई है।
