विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिका-ईरान तनाव का असर : दुबई में फंसे इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला समेत कई कारोबारी, मोदी-शाह से मदद की गुहार

Published: Sun, 01 Mar 2026 04:07 PM (IST)

अमेरिका-ईरान तनाव के कारण दुबई में अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं पर असर पड़ा है। शारजाह से इंदौर की की फ्लाइट रद्द ...और पढ़ें

फ्लाइट निरस्त होने से पूर्व विधायक संजय शुक्ला (दायें) दुबई में फंसे।

फ्लाइट निरस्त होने से पूर्व विधायक संजय शुक्ला (दायें) दुबई में फंसे।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, इंदौर। अमेरिका–इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का सीधा असर अब अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं पर दिखने लगा है। खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा हालात बिगड़ने के चलते दुबई आने-जाने वाली कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जिससे भारतीय यात्रियों को खासा संकट झेलना पड़ रहा है।

इसी बीच इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला समेत शहर के कई उद्योगपति और व्यापारी दुबई में फंस गए हैं। जानकारी के मुताबिक शारजाह से इंदौर आने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX-256 को अचानक रद कर दिया गया, जिससे यात्रियों की वापसी अटक गई।

एयर ट्रैफिक पर पड़ा सीधा असर

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, क्षेत्रीय तनाव के मद्देनजर दुबई में सुरक्षा सतर्कता बढ़ा दी गई है। एहतियातन एयरपोर्ट संचालन पर अस्थायी रोक लगाए जाने की खबरें हैं, जिसके चलते कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें अनिश्चित समय के लिए स्थगित कर दी गईं। इसका सबसे ज्यादा असर भारत लौटने वाले यात्रियों, विशेषकर मध्य प्रदेश के लोगों पर पड़ा है।

शादी समारोह में गए थे दुबई

बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक संजय शुक्ला निजी शादी समारोह में शामिल होने दुबई पहुंचे थे। उनके साथ पूर्व विधायक विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़, पिंटू छाबड़ा, मनीष शाहरा, गोलू पाटनी और संजय अग्रवाल सहित इंदौर के कई नामी कारोबारी भी मौजूद हैं। फ्लाइट रद होने के बाद सभी वहीं रुके हुए हैं।

यह भी पढ़ें- MP में बेटियों की सुरक्षा का बड़ा कदम : HPV वैक्सीन अभियान शुरू, 8 लाख किशोरियों को लगेगा निश्शुल्क टीका

एक्स पर वीडियो साझा कर लगाई गुहार

इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो जारी कर पीएम मोदी व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मदद की अपील की है। डेढ़ मिनट के इस वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि हालात बेहद गंभीर हो चुके हैं। चारों ओर हमलों की खबरें हैं, बमबारी की आवाजें सुनाई दे रही हैं और दुबई एयरपोर्ट पर भी धमाके की सूचना के बाद पूरा हवाई यातायात ठप हो गया है।

अपने संदेश में संजय शुक्ला ने गृह मंत्री से अनुरोध किया कि दुबई में फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकालने की तत्काल व्यवस्था की जाए। उन्होंने बताया कि उनके साथ उनका बेटा भी है और कई अन्य परिवारों के बच्चे भी वहीं फंसे हुए हैं। लगातार हो रहे हमलों के बीच सभी दहशत में हैं।

पहले दी थी राहत की जानकारी

इससे पहले संजय शुक्ला ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी थी कि वे, उनके पुत्र आकाश और उनके साथ मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते दुबई एयरपोर्ट अस्थायी रूप से बंद है, जिससे भारत वापसी में देरी हो रही है, हालांकि दुबई और भारत सरकार की ओर से सहयोग मिल रहा है। साथ ही इंदौरवासियों से अपील की थी कि वे किसी प्रकार की चिंता न करें और परिस्थितियां सामान्य होते ही वे जल्द इंदौर लौटेंगे।

SS tweet 2156