विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उज्जैन में अवैध शराब पकड़ने गई आबकारी टीम पर छतों से बरसे पत्थर; महिला SI समेत 6 घायल; पिता-पुत्र गिरफ्तार

Published: Fri, 27 Nov 2026 03:00 PM (IST)

उज्जैन के सालनाखेड़ी गांव में अवैध शराब जब्त करने गई आबकारी विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस हमले में महिला उपनिरीक्षक सहित छह कर्मचारी घायल हो गए, और पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आबकारी टीम पर हमला।

आबकारी टीम पर हमला।

HighLights

  1. अवैध शराब जब्त करने गई आबकारी टीम पर हमला।

  2. हमले में महिला उपनिरीक्षक सहित छह कर्मचारी घायल हुए।

  3. पुलिस ने दो मुख्य आरोपी पिता-पुत्र को किया गिरफ्तार।

डिजिटल डेस्क, उज्जैन। अवैध शराब की कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर उज्जैन जिले के ग्राम सालनाखेड़ी में ग्रामीणों ने हमला कर दिया। टीम शराब जब्त कर रही थी, तभी आरोपियों ने लोगों को जुटाकर कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। छतों से भी पत्थर फेंके गए। हमले में महिला उपनिरीक्षक समेत आबकारी विभाग के छह कर्मचारी घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई गई है। आरोपी टीम से जब्त शराब, नकदी, पर्स और सरकारी पहचान पत्र भी छीन ले गए। मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है।

झोले में मिली कच्ची शराब, कार्रवाई के दौरान बुला ली भीड़

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को आबकारी वृत्त तराना की उपनिरीक्षक रानी सिंह वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रही थीं। इसी दौरान सालनाखेड़ी में जगदीश चौहान के घर के सामने हाथ भट्टी की कच्ची शराब रखे होने की सूचना मिली। टीम मौके पर पहुंची तो जगदीश झोला लेकर खड़ा मिला। तलाशी में झोले से कच्ची शराब के पाउच बरामद हुए।

आबकारी कर्मचारी शराब जब्त करने की प्रक्रिया में जुटे ही थे कि जगदीश ने परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों को आवाज देकर बुला लिया। देखते ही देखते टीम को घेर लिया गया और मारपीट शुरू हो गई। ग्रामीणों ने छतों से पत्थर बरसाए, जिससे छह कर्मचारी घायल हो गए।

वाहन तोड़े, शराब और सरकारी दस्तावेज भी छीने

हमले के दौरान आरोपियों ने आबकारी टीम के वाहनों में तोड़फोड़ की। कर्मचारियों से जब्त की जा रही शराब, नकदी, पर्स और शासकीय पहचान पत्र छीन लिए गए। टीम को जान से मारने की धमकी भी दी गई और सरकारी काम में बाधा पहुंचाई गई। घटना के बाद घायल कर्मचारियों को उपचार के लिए भेजा गया।

पिता-पुत्र गिरफ्तार, बाकी आरोपितों की तलाश

महिला उपनिरीक्षक रानी सिंह की शिकायत पर माकड़ोन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की। पुलिस ने सालनाखेड़ी निवासी जगदीश चौहान (43), पुत्र रतनलाल और उसके बेटे कुलदीप चौहान (19) को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है। हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें- MP में इंदौर, शिवपुरी-ग्वालियर बने फर्जी सिम के हॉटस्पॉट, यूपी व राजस्थान पहुंचाना आसान

पहले भी पुलिस टीम पर हो चुका हमला

माकड़ोन थाना क्षेत्र का सतमेला इलाका सात गांवों से मिलकर बना है। इनमें रहवारी, बुखारी, हरूखेड़ी, रत्नाखेड़ी, मनासा, सालनाखेड़ी और बगवाड़ा शामिल हैं। यह क्षेत्र चुनावी दृष्टि से भी संवेदनशील माना जाता है।

सालनाखेड़ी में इससे पहले 20 अगस्त 2019 को बैतूल पुलिस की टीम पर भी हमला हुआ था। उस समय एक आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने घेरकर हमला कर दिया था। पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हुआ था और बैतूल के एसआइ समेत कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए थे। हालात इतने बिगड़ गए थे कि पुलिस को आरोपी को छोड़कर मौके से निकलना पड़ा था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।