उज्जैन में कार और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत, छह घायल; टक्कर के बाद झाड़ियों में जा फंसी कार
उज्जैन जिले में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार कार और ट्रक की भीषण टक्कर में छह लोग घायल हो गए, जिनमें तीन महिलाएं, दो पुरुष और एक बच्चा शामिल हैं। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसी, जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

टक्कर के बाद ट्रक व कार क्षतिग्रस्त।
HighLights
उज्जैन में कार-ट्रक की टक्कर, छह लोग हुए घायल।
हादसे के बाद कार सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसी।
ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार, पुलिस ने जांच शुरू की।
डिजिटल डेस्क, उज्जैन। जिले में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार कार और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। रूई और गढ़ा के बीच हुए इस हादसे में कार सवार छह लोग घायल हो गए। घायलों में तीन महिलाएं, दो पुरुष और एक बच्चा शामिल है। सभी को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया है।
सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 11:15 बजे हुआ। नागदा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार की उज्जैन की तरफ जा रहे परचूनी सामान से भरे ट्रक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा फंसी।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया।
यह भी पढ़ें- इंदौर में भाजपा पार्षद के परिवार में विवाह समारोह के दौरान हर्ष फायर, ढोल बजा रहे युवक को लगी गोली
ट्रक छोड़कर भागा चालक, पीछे से दूसरी कार भी टकराई
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। इसी दौरान ट्रक के पीछे चल रही एक अन्य कार भी उससे पीछे से टकरा गई। इस दूसरी कार को नुकसान पहुंचा है, हालांकि उसमें सवार किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश करने के साथ हादसे के कारणों का पता लगा रही है।