इंदौर में भाजपा पार्षद के परिवार में विवाह समारोह के दौरान हर्ष फायर, ढोल बजा रहे युवक को लगी गोली
इंदौर में भाजपा पार्षद प्रिया दांगी के परिवार के विवाह समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान ढोल बजा रहे युवक मुकुल को गोली लग गई। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस गोली चलाने वाले की तलाश में जांच कर रही है।

HighLights
इंदौर में भाजपा पार्षद के परिवार के विवाह में हर्ष फायरिंग।
ढोल बजा रहे युवक मुकुल को गोली लगी, अस्पताल में भर्ती।
पुलिस गोली चलाने वाले की तलाश में जुटी, जांच जारी।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। शादी की खुशियों के बीच हुई हर्ष फायरिंग ने समारोह में अफरा-तफरी मचा दी। छत्रीपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात भाजपा पार्षद एवं एमआईसी सदस्य प्रिया दांगी के परिवार में आयोजित विवाह समारोह के दौरान गोली चल गई। गोली बारात में ढोल बजा रहे युवक मुकुल को लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार जारी है। फिलहाल युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
नाच-गाना चल रहा था, तभी चली गोली
जानकारी के अनुसार, विवाह समारोह भाजपा पार्षद प्रिया दांगी के चाचा के बेटे गोपाल का था। बुधवार रात बारात निकाली जा रही थी। रिश्तेदार और परिवार के लोग ढोल की थाप पर नाच रहे थे, वहीं आतिशबाजी भी की जा रही थी।
इसी दौरान किसी ने हवाई फायर कर दिया। बंदूक से निकली गोली ढोल बजा रहे मुकुल को जा लगी। गोली लगते ही युवक खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। अचानक हुई इस घटना से बारात में मौजूद लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
यह भी पढ़ें- एक लाख दो, बंदूक लो और वन्यजीवों का शिकार करो... खंडवा में 'हंटिंग टूरिज्म' गिरोह का पर्दाफाश
गोली किसने चलाई, पुलिस कर रही पड़ताल
घटना की सूचना मिलते ही छत्रीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी में बारात के दौरान नाच-गाने के बीच हवाई फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है, लेकिन गोली चलाने वाले व्यक्ति का नाम अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
पुलिस फायरिंग में इस्तेमाल हथियार की भी जांच कर रही है कि वह लाइसेंसी था या अवैध। समारोह में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज तथा शादी समारोह में बनाई गई वीडियो रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों और बयानों के आधार पर फायरिंग करने वाले की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।