विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक लाख दो, बंदूक लो और वन्यजीवों का शिकार करो... खंडवा में 'हंटिंग टूरिज्म' गिरोह का पर्दाफाश

By Kapil NileyEdited By: Ravindra Soni
Published: Wed, 25 Nov 2026 10:40 PM (IST)

मध्य प्रदेश के खंडवा में 'शिकार टूरिज्म' का एक बड़ा गिरोह सामने आया है, जो वन्यजीवों के शिकार के लिए एक लाख रुपये तक वसूलता था और बंदूक का इंतजाम भी करता था। एसटीएसएफ इंदौर की जांच में इस गिरोह का पर्दाफाश हुआ, जिसमें दो मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

मुस्तफा नदीम, अशफाक अहमद व सैयद असीम अली।

मुस्तफा नदीम, अशफाक अहमद व सैयद असीम अली।

HighLights

  1. खंडवा में 'शिकार टूरिज्म' गिरोह का हुआ पर्दाफाश।

  2. शिकार के लिए एक लाख रुपये तक वसूलते थे आरोपित।

  3. एसटीएसएफ इंदौर ने दो मुख्य आरोपितों को पकड़ा।

कपिल नीले, इंदौर। मध्य प्रदेश के खंडवा में 'शिकार टूरिज्म' का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वन्य जीवों का शिकार करने के लिए लोग लाख रुपये तक देकर जंगल में जा रहे थे। एक गिरोह उनका यह शौक पूरा करने में मदद कर रहा था। खंडवा जिले के सांभर शिकार प्रकरण की कई महीनों की जांच में ऐसे गिरोह का राजफाश हुआ है। इसके सदस्य शिकार करवाने के बदले एक लाख रुपये तक वसूलते थे। बंदूक का इंतजाम और शिकार की तारीख भी सदस्य ही तय करते थे।

8 मई को सांभर का शिकार, चार माह बाद जांच शुरू

खंडवा जिले के पुनासा स्थित नर्मदानगर वनक्षेत्र में इस वर्ष आठ मई को सांभर का शिकार हुआ था। मामले में दो आरोपितों अशफाक अहमद और सलामुद्दीन को गिरफ्तार किया गया। करीब 35 किलो सांभर का मांस और हथियार भी जब्त किए गए थे। चार महीने बाद सितंबर में स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (एसटीएसएफ) इंदौर ने जांच शुरू की।

एसटीएसएफ ने 19 नवंबर को इंदौर से जूतों का कारोबार करने वाले खुजेमा बूटवाला और आईटी कंपनी संचालित करने वाले मुस्तफा नदीम को गिरफ्तार किया। एक एसयूवी भी जब्त की गई। पता चला कि अशफाक और खुजेमा एक-दूसरे को कई वर्षों से जानते हैं। खुजेमा ने ही अशफाक का परिचय मुस्तफा नदीम से करवाया था।

दो न्यायिक हिरासत में, तीन को मिली जमानत

शिकार के दिन खुजेमा मौके पर मौजूद नहीं था, लेकिन वह अशफाक और मुस्तफा नदीम के लगातार संपर्क में था। एसटीएसएफ ने कॉल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर) के आधार पर उसे आरोपित बनाया। खुजेमा और मुस्तफा नदीम न्यायिक हिरासत में जेल में है। बाकी तीन को जमानत मिल गई है।

यह भी पढ़ें- इंदौर डबल मर्डर केस: पिता-बहन की हत्या कर भागा आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार, वेश बदलकर छिपा था

रुपये मिलते ही अशफाक ने तैयार की योजना

एसटीएसएफ की पूछताछ में गिरोह को एक लाख रुपये देने की बात सामने आई है। अशफाक अहमद को शिकार की योजना बनाने वाला प्रमुख आरोपित बताया गया है। अशफाक शिकार संबंधी गतिविधियों में शामिल रहा है। उस पर आर्म्स एक्ट का मामला भी दर्ज है। अशफाक तक रुपये पहुंचने के बाद गिरोह के अन्य सदस्य संपर्क में आते और शिकार की तैयारी शुरू होती थी।

जंगल से परिचित आरोपित शिकार के शौकीन लोगों को वन्यजीवों की उपस्थिति वाली जगह पर ले जाते और शिकार किया जाता। आठ मई के शिकार में सिक्युरिटी गार्ड सैयद असीम अली की बंदूक इस्तेमाल की गई। वह 10 हजार रुपये लेकर बंदूक किराये पर देता था। शिकार में मारे गए वन्यप्राणी का मांस भी लेता था।

सांभर शिकार मामले में एसटीएसएफ ने इंदौर से दो आरोपितों को पकड़ा है। उनसे पूछताछ के बाद बाकी तथ्यों की जांच की जा रही है। अभी पांच लोगों को आरोपित बनाया गया है। दो अन्य फरार हैं।
- राकेश डामोर, डीएफओ, खंडवा वनमंडल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।