उज्जैन में देवउठनी एकादशी पर प्रतिबंध के बावजूद पाड़ों की लड़ाई, बेकाबू पाड़े ने 7 साल के मासूम को कुचला; मौत
उज्जैन में देवउठनी एकादशी पर प्रतिबंध के बावजूद हुई पाड़ों की लड़ाई में एक बेकाबू पाड़े ने 7 साल के बच्चे युवराज दायमा को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस आयोजकों की जानकारी जुटा रही है।

बच्चे की मौत। (इनसेट- मृतक युवराज दायमा)
HighLights
उज्जैन में देवउठनी एकादशी पर प्रतिबंधित पाड़ों की लड़ाई हुई।
बेकाबू पाड़े ने 7 साल के बच्चे युवराज दायमा को कुचला।
गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में मासूम की मौत हो गई।
डिजिटल डेस्क, उज्जैन। प्रतिबंध के बावजूद कराई गई पाड़ों की लड़ाई शुक्रवार को एक परिवार की खुशियां छीन ले गई। देवउठनी एकादशी पर दोपहर में उज्जैन जिले के नागझिरी थाना क्षेत्र के हामूखेड़ी में पाड़ों की लड़ाई के दौरान एक पाड़ा बेकाबू होकर दर्शकों की भीड़ में घुस गया और सात साल के बच्चे युवराज दायमा को कुचलते हुए सीने पर चढ़ गया। गंभीर चोट लगने से उसकी हालत बिगड़ गई। स्वजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चेक करने के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आयोजन स्थल पर सुबह से ही पाड़ों की लड़ाई का आयोजन किया गया था। 12 जोड़ पाडों की लडाई करवाई जानी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सातवीं जोड़ लड़ाई में शुभम और सागर नामक व्यक्तियों के पाड़े शामिल थे। लड़ाई देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हुए थे।
लड़ाई के दौरान भीड़ में घुसा पाड़ा
इसी दौरान लड़ रहे पाड़ों में से एक बेकाबू होकर भीड़ की तरफ दौड़ पड़ा। लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी चपेट में आकर युवराज गंभीर रूप से घायल हो गया। युवराज कक्षा पहली का छात्र था।
पिता ने की बचाने की कोशिश, लेकिन नाकाम रहे
उसके पिता आकाश वाहन चालक हैं। बताया गया कि पिता-पुत्र आयोजन स्थल पर कुछ दूरी पर बैठे थे। हादसा होते ही आकाश ने बेटे को बचाने की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने युवराज को मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें- धार में भूख से बेहाल पिता ने मांगी रोटी तो बेटे ने पीट-पीटकर मार डाला, बचाने पहुंची मां पर भी हमला
प्रतिबंध के बावजूद हुआ आयोजन
बता दें कि पाड़ों की लड़ाई के दौरान पशुओं के बेकाबू होने से दर्शकों को खतरा बना रहता है, इसलिए उज्जैन जिले में पाड़ों की लड़ाई पर प्रशासन द्वारा काफी समय पहले ही प्रतिबंध लगाया जा चुका है। इसके बावजूद देवउठनी एकादशी पर इसका आयोजन किया गया।
आयोजन किसने कराया और इसके लिए किसकी अनुमति ली गई थी, फिलहाल पुलिस के पास जानकारी नहीं है। नागझिरी थाना प्रभारी राकेश भारती का कहना है कि आयोजकों की जानकारी जुटाई जा रही है। जिनका नाम सामने आएगा, उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।