धार में भूख से बेहाल पिता ने मांगी रोटी तो बेटे ने पीट-पीटकर मार डाला, बचाने पहुंची मां पर भी हमला
मध्य प्रदेश के धार जिले में रोटी मांगने पर हुए विवाद में एक बेटे ने अपने पिता की लकड़ी से ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
धार में बेटे ने रोटी मांगने पर पिता को पीट-पीटकर मार डाला।
बीच-बचाव करने आई मां पर भी आरोपी ने हमला कर घायल किया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
डिजिटल डेस्क, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। गंधवानी थाना क्षेत्र के ग्राम बड़िया धावड़ियापुरा में रोटी मांगने की बात पर हुए विवाद में बेटे ने अपने ही पिता की जान ले ली। आरोपित कालू ने लकड़ी के टुकड़े से पिता गुलाब (45) के सिर और मुंह पर चार से पांच बार वार किए। गंभीर चोटों के कारण गुलाब की मौत हो गई। पति को बचाने पहुंची मां धनीबाई पर भी आरोपित ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं।
पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार शाम की है। गुलाब ने अपने बेटे कालू से खाने के लिए रोटी मांगी थी। इसी मामूली बात पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कालू गाली-गलौज करने लगा और पिता को जान से मारने की धमकी देने लगा। गुस्से में आकर उसने लकड़ी के टुकड़े से गुलाब पर हमला कर दिया।
मां पर भी किया हमला
बेटे को पिता पर हमला करते देख धनीबाई बीच-बचाव करने पहुंचीं। आरोप है कि कालू ने उन पर भी लकड़ी से हमला कर दिया। उसने मां की कमर पर वार किया, जिससे वह घायल हो गईं। वहीं हमले में गंभीर रूप से घायल गुलाब ने दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें- इंदौर में चार्टर्ड बस डिपो में लगी भीषण आग, करोड़ों की 6 बसें जलकर खाक; 100 से ज्यादा बसें थी खतरे में
वारदात के बाद फरार हुआ आरोपी
घटना को अंजाम देने के बाद कालू मौके से फरार हो गया। घायल धनीबाई की शिकायत पर गंधवानी पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपित की तलाश में जुटी है।