इंदौर में चार्टर्ड बस डिपो में लगी भीषण आग, करोड़ों की 6 बसें जलकर खाक; 100 से ज्यादा बसें थी खतरे में
इंदौर के चार्टर्ड बस डिपो में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई, जिससे छह बसें जलकर खाक हो गईं ...और पढ़ें

बस डिपो में लगी आग।
HighLights
इंदौर बस डिपो में भीषण आग से छह बसें जलीं।
आग से तीन करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ।
डिपो की सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन इंतजामों पर सवाल।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। इंदौर में कृषि कॉलेज के सामने स्थित चार्टर्ड बस डिपो में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से छह बसें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। इनमें चार कंडम बसें और दो चालू हालत में संचालित सिटी बसें शामिल हैं। जली बसों की कीमत तीन करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
हादसा रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच हुआ। उस समय डिपो में 100 से ज्यादा बसें खड़ी थीं। आग तेजी से फैलने के कारण अन्य बसों के भी चपेट में आने का खतरा पैदा हो गया। हालात बिगड़ते देख अधिकारियों ने आनन-फानन में चालकों को बुलवाया और डिपो में खड़ी बसों को बाहर निकलवाना शुरू किया। दमकलकर्मियों ने घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (एआईसीटीएसएल) ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। संयोगितागंज पुलिस भी आग लगने के कारणों की पड़ताल कर रही है।
चौकीदार ने देखा बस से उठता धुआं
डिपो में तैनात चौकीदार अनिल अहिरवार ने रात करीब दो बजे आग की सूचना फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम को दी। बताया गया कि डिपो में चार चौकीदार तैनात थे, जिनमें से दो पीछे की तरफ निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान एक बस से धुआं उठता दिखाई दिया। चौकीदारों ने तत्काल इसकी सूचना दी, लेकिन डीजल, रेगजीन और फोम जैसे ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते छह बसों को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही गांधी नगर फायर स्टेशन से एसआई सुशील कुमार दुबे टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रात में गश्त कर रहे पुलिस अधिकारी और एआईसीटीएसएल के अफसर भी घटनास्थल पर पहुंच गए। आग को अन्य बसों तक फैलने से रोकने के लिए चालकों को बुलाकर बसें डिपो से बाहर निकलवाई गईं।
दमकल टीम ने आग से घिरी बसों को चारों ओर से घेरकर पानी डालना शुरू किया। आग बुझाने में 80 हजार लीटर से अधिक पानी का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी सामने आई है। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया और बड़ी संख्या में अन्य बसों को सुरक्षित बचा लिया गया।

कचरे के ढेर में राकेट गिरने से आग लगने का दावा
एआईसीटीएसएल के अधिकारियों ने आग लगने की वजह डिपो में जमा कचरे को बताया है। उनका दावा है कि संभवतः किसी रहवासी क्षेत्र से जलता हुआ राकेट (पटाखा) उड़कर कचरे के ढेर में गिरा होगा। वहां आग भड़कने के बाद तेज हवा के कारण लपटें बसों तक पहुंच गईं। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
एआईसीटीएसएल के सीईओ अर्थ जैन के मुताबिक, रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच आग लगने की सूचना मिली थी। आग में चार कंडम बसों के साथ दो चालू सिटी बसें भी जल गईं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को बुलाया गया और टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई, लेकिन बसें पूरी तरह नष्ट हो चुकी थीं।
यह भी पढ़ें- वाहन की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर चले थे 'बाप' बनने, इंदौर पुलिस ने पकड़कर काट दिया 6300 का चालान
डिपो में नहीं दिखे आग बुझाने के इंतजाम
घटना के बाद डिपो की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। मौके का जायजा लेने पहुंची टीम को डिपो में आग बुझाने के लिए कोई आपातकालीन उपकरण नजर नहीं आया। डिपो में लोहे के शेड बने हुए हैं और प्रवेश प्रतिबंधित है, लेकिन आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम दिखाई नहीं दिए। निरीक्षण के दौरान केवल एक गार्ड मौजूद मिला।
खास बात यह है कि इसी डिपो में 11 जून 2026 को भी खड़ी एक बस में आग लग चुकी थी, जिसमें बस जलकर खाक हो गई थी। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किए जाने के आरोप सामने आए हैं।
डिपो कर्मचारियों का कहना है कि पिछले डेढ़ महीने से नगर निगम को परिसर में जमा कचरा उठाने के लिए कहा जा रहा था। उनका दावा है कि कचरे का ढेर आग फैलने की वजह बना। अब इस घटना के बाद डिपो की सुरक्षा, कचरा प्रबंधन और अग्निशमन इंतजामों को लेकर जिम्मेदारों की भूमिका जांच के दायरे में है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।