Indore News: लड़की को किडनैप कर ले जा रहे थे दो मनचले, ट्रैफिक पुलिस के जवान ने पीछे दौड़ा दी अपनी बाइक; फिर हुआ ये
इंदौर में दिनदहाड़े दो युवकों ने एक नाबालिग लड़की को उठा लिया। वह तेज रफ्तार बाइक से लड़की को ले जाते वक्त वह एक जगह ड्यूटी कर रहे यातायात पुलिस के जवान के सामने से होकर गुजरे तभी लड़की ने जवान को मदद का इशारा कर दिया। इसके बाद जवान ने अपनी बाइक उनके पीछे दौड़ा दी और लड़की को मनचलों के चंगुल से छुड़ा लिया।
जेएनएन, इंदौर। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में दिनदहाड़े दो युवकों ने एक नाबालिग लड़की को उठा लिया और उसको बाइक पर बैठा कर कहीं ले जा रहे थे। तेज रफ्तार बाइक से लड़की को ले जाते वक्त वह एक जगह ड्यूटी कर रहे यातायात पुलिस के जवान के सामने से होकर गुजरे तभी लड़की ने जवान को मदद का इशारा कर दिया। इसके बाद जवान ने अपनी बाइक उनके पीछे दौड़ा दी और लड़की को मनचलों के चंगुल से छुड़ा लिया।
जवान की मुस्तैदी से पकड़े गए मनचले
पुलिस के मुताबिक, लड़की बस का इंतजार कर रही तभी रिंग रोड पर बाइक लेकर दो मनचले आए और उसका अपहरण कर लिया। घटना रविवार शाम साढ़े छह बजे खजराना चौराहे की है। एक बाइक तेज रफ्तार से बंगाली चौराहे की तरफ निकली। जिस पर दो युवकों के बीच में 15 साल की लड़की बैठी हुई थी।
वहां यातायात संभाल रहे आरक्षक विजय जाटवाल की नजर बाइक पर पड़ीं। नजरें मिलने पर लड़की ने यातायात पुलिस से इशारों में मदद मांगी। यह देख विजय ने सूबेदार बृजराज अजनार को पूरी बात बताई। इतना सुनते ही सूबेदार ने बाइक दौड़ा दी और बंगाली ब्रिज कट के पास बाइक सवारों को रोक लिया।
जबरदस्ती बाइक पर बैठाया, मोबाइल भी छीना
सूबेदार को देखते ही बाइक रोक दोनों युवक भागने लगे। कुछ दूर दौड़ने के बाद सूबेदार और आरक्षक ने उन्हें पकड़ लिया। पकड़ने के बाद दोनों युवक अपना नाम पता बताने को तैयार नहीं थे। लड़की से पूछने पर बताया कि वह बस का इंतजार कर रही थी। तभी एक युवक आया और बोला कि बहन यहां मत खड़े रहो। मैं तुमको आगे छोड़ देता हूं। मैं गाड़ी के पास आई, तब तक एक और युवक आया और मुझे जबरदस्ती बाइक पर बैठा लिया और मेरा फोन भी छीन लिया था।
लोगों ने मनचलों को खूब धुना
घटना के बाद पकड़े जाने पर मौजूद भीड़ ने भी दोनों युवकों की पिटाई शुरू कर दी। बाद में सूबेदार ब्रजराज अजनार, आरक्षक विजय और आरक्षक उधम सिंह, आरक्षक ब्रज भूषण ने दोनों बदमाशों को खजराना पुलिस चौकी लेकर पहुंचे और पुलिस के हवाले कर दिया।