विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनम की जमानत पर छलका राजा रघुवंशी के भाई का दर्द, बोला- 'भाई की आत्मा भटकती रहेगी'; हाईकोर्ट जाने की तैयारी

Published: Tue, 28 Apr 2026 11:10 PM (IST)

राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को कमजोर पुलिस विवेचना के कारण 10 महीने में जमानत मिल गई। ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, इंदौर। चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की मास्टरमाइंड सोनम रघुवंशी शिलांग पुलिस की कमजोर विवेचना के कारण 10 माह में ही जेल से बाहर आ गई। इसके पहले साक्ष्य मिटाने के दो आरोपित कोर्ट से बरी हो चुके हैं। कोर्ट ने शिलांग पुलिस की विवेचना पर सवाल उठाए हैं।

पुलिस ने चालान में धाराएं अलग-अलग लिख दी थीं। गिरफ्तारी की प्रक्रिया का पालन नहीं किया और ट्रायल में भी देरी कर दी। सहकार नगर (कैट रोड) निवासी राजा की उसकी पत्नी सोनम ने ही हत्या की साजिश की थी। सोमवार को कोर्ट ने सोनम की जमानत अर्जी स्वीकार कर ली।

पुलिस की खामियों से मिली जमानत

कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा कि गिरफ्तारी के कारण बताने वाला फार्म सही तरीके से नहीं भरा था। कई जगह अलग-अलग धाराएं लिखी गई थीं। ट्रायल में भी पुलिस द्वारा देरी कर दी गई है। मंगलवार को सोनम के पिता देवी सिंह खुद शिलांग पहुंचे और जमानत भर दी।

जानकारी के मुताबिक देवी सिंह ने स्थानीय होटल संचालक की भी जमानत पेश की है। शाम को सोनम जेल से रिहा हुई और देवी सिंह उसको लेकर रवाना हो गया। उससे मीडियाकर्मियों ने सवाल किए पर कुछ नहीं कहा।

राजा के परिजन आक्रोशित

सोनम की जमानत से राजा का परिवार आहत है। राजा की मां उमा देवी ने कहा न्याय अधूरा है। कानून अंधा होता है, यह तो अभी तक सुना ही था, मगर अब देख लिया है। राजा के भाई विपिन ने सिस्टम की नाकामी बताई है। उसने कहा जब तक न्याय नहीं मिल जाता मेरे भाई राजा की आत्मा भटकती रहेगी।

विपिन के अनुसार बलवीर उर्फ बल्ला रघुवंशी और लोकेंद्रसिंह तोमर की जमानत के समय उनसे पूछा गया था। हमने कहा था कि निर्दोष की जमानत देने पर कोई आपत्ति नहीं है। सोनम की जमानत के वक्त उनसे पूछा नहीं गया है। अब मैं इसके विरुद्ध हाईकोर्ट जाऊंगा। आरोपित राज कुशवाह की जमानत अर्जी लगा दी गई है।

दो आरोपित पहले ही हो चुके बरी

शिलांग पुलिस ने लोकेंद्रसिंह तोमर, सिलोम जेम्स और बलवीर को भी गिरफ्तार किया था। तीनों पर सबूतों के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगा था। कोर्ट ने दो महीने पूर्व बलवीर और लोकेंद्र को बरी कर दिया। उनके खिलाफ सबूत नहीं मिले थे। इससे ही केस कमजोर नजर आने लगा था।

यह भी पढ़ें- राजा रघुवंशी हत्याकांड : 10 माह बाद सोनम को सशर्त जमानत, शिलांग में ही रहेगी, हर सुनवाई पर कोर्ट में देनी होगी हाजिरी

सोनम का भाई बोला- आज भी करता हूं नफरत

सोनम की जमानत पर उसके भाई गोविंद का बयान भी आया है। जमानत से अनजान गोविंद ने कहा कि मुझे केस की कोई जानकारी नहीं है। पिता के शिलांग जाने पर भी वह अनजान नजर आया। उसने कहा कि मैं कल भी सोनम से नफरत करता था और आज भी करता हूं। उसने कहा कि कोर्ट ने उसे जमानत दी है। अभी वह बरी नहीं हुई है। बरी होने पर मैं उसका स्वागत करूंगा। फिलहाल सोनम शिलांग में ही रुकी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।