इंदौर में RSS की तीन दिवसीय बैठक शुरू: पंच परिवर्तन को जमीनी धरातल पर लाने पर जोर, विस्तारित शाखाओं को नियमित बनाएंगे
इंदौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तीन दिवसीय अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक प्रारंभ हुई, जहां शताब्दी वर्ष के ...और पढ़ें

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की बैठक में उपस्थित सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले। (फोटो- जागरण)
HighLights
इंदौर में RSS की तीन दिवसीय अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक शुरू।
पंच परिवर्तन को जमीनी स्तर पर पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
शताब्दी वर्ष के कार्यों और शाखा विस्तार की समीक्षा की गई।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की वार्षिक अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक सोमवार को इंदौर स्थित डेली कॉलेज के संत रविदास महाराज सभागार में प्रारंभ हुई। सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत एवं सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित करके बैठक का शुभारंभ किया।
पहले दिन छह सत्रों में रात आठ बजे तक चली बैठक में शताब्दी वर्ष के दौरान हुए कार्यों की समीक्षा की गई। विभिन्न प्रांतों के संघचालक, कार्यवाह और प्रचारकों की टोलियों ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। तीन दिवसीय यह बैठक चार नवंबर की शाम तक चलेगी।
पंच परिवर्तन को समाज के बीच पहुंचाने पर जोर
बैठक में विशेष रूप से पंच परिवर्तन- सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, 'स्व' का बोध (स्वदेशी जीवनशैली) एवं नागरिक कर्तव्य के भाव को समाज के बीच जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही शताब्दी वर्ष के दौरान स्वयंसेवकों की ओर से किए गए शाखा विस्तार की समीक्षा कर उनके नियमित संचालन, प्रभावी क्रियान्वयन और सुदृढ़ीकरण पर विचार किया गया। शाखाओं को अधिक प्रभावी एवं नियमित बनाने के साथ ही अधिकाधिक स्थानों पर नई शाखा प्रारंभ करने का प्रयास भी किए जाएंगे।
देशभर में एक लाख से अधिक दैनिक शाखाएं संचालित
बताया गया कि एक लाख एक हजार 151 दैनिक शाखाएं संचालित की जा रहीं हैं। 13 हजार से अधिक नई दैनिक शाखाएं शताब्दी वर्ष में प्रारंभ हुई हैं। शताब्दी वर्ष में एक लाख 10 हजार 849 स्थानों तक संघ के कार्य पहुंचे हैं। 65 हजार 660 हिंदू सम्मेलन आयोजित किए गए।
युवाओं और महिलाओं की भागीदारी पर भी चर्चा
अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र कुमार ने बताया कि बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत विजयादशमी 2025 से विजयादशमी 2026 तक आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की जा रही है। इन कार्यक्रमों के आगामी क्रियान्वयन, अनुवर्तन तथा उनके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचने के विषय में विचार-विमर्श का क्रम भी जारी रहेगा। चर्चा में आए विषय को समाज तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा उनके अनुरूप आगामी कार्ययोजना बनाने पर विचार किया जाएगा। युवाओं और महिलाओं की सहभागिता पर भी चर्चा हुई।
यह भी पढ़ें- इंदौर में दिलजीत दोसांझ के शो को बम से उड़ाने की धमकी, महापौर कार्यालय और अमिताभ का बंगला भी निशाने पर
नाना पाटेकर और गायिका आशा भोसले को श्रद्धांजलि
बैठक के प्रारंभ में सरकार्यवाह ने गत कुछ माह में दिवंगत हुए समाज की प्रमुख हस्तियों और कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। इनमें फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर, गायिका आशा भोसले, संत पद्मश्री रमेश बाबा, विवेकानंद केंद्र के पूर्व अध्यक्ष बालकृष्ण एवं संघ के वरिष्ठ प्रचारक रहे विनोद कुमार प्रमुख हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।