विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दोस्त के दादा के घर चोरी की कोशिश में लगा चाकू, रतलाम के जंगल में छोड़कर भाग गए साथी; 2 हफ्ते बाद मिला कंकाल

Published: Sun, 15 Nov 2026 11:36 PM (IST)

रतलाम में दोस्त के दादा के घर चोरी के प्रयास में एक युवक को चाकू लग गया, जिसके बाद उसके ...और पढ़ें

जंगल में मिला कंकाल गोलू कटारा का निकला।

जंगल में मिला कंकाल गोलू कटारा का निकला।

HighLights

  1. चोरी के प्रयास में युवक को गर्दन पर चाकू लगा।

  2. साथी उसे जंगल की खाई में छोड़कर भाग गए।

  3. दो सप्ताह बाद कंकाल के रूप में शव मिला।

डिजिटल डेस्क, रतलाम। दोस्त के दादा के घर चोरी करने पहुंचे चार युवकों में से एक की जान चली गई। दरअसल, वारदात के दौरान छीना-झपटी में गोलू कटारा को गर्दन के पास चाकू लग गया था। वह भागा लेकिन 100 मीटर दूर पहाड़ी के पास गिर पड़ा। साथी उसे उठाने पहुंचे और बेसुध देखकर मृत समझ लिया।

वे उसे जंगल की खाई में झाड़ियों के बीच छोड़कर भाग गए। करीब दो सप्ताह बाद रावटी क्षेत्र के जंगल में मिले कंकाल की पहचान गोलू के रूप में हुई। उसकी बहन ने कपड़ों से पहचान की है। आधिकारिक पुष्टि डीएनए जांच के बाद होगी।

दादा के पास चांदी के जेवर होने की थी जानकारी

थाना प्रभारी मनीष डावर के अनुसार, बिलड़ी निवासी बाबूलाल गामड़ की अपने दादा मड़िया गामड़ से नहीं बनती थी। उसे पता था कि दादा के पास चांदी के जेवर हैं। इसी लालच में उसने 30 अक्टूबर को दोस्त अनिल मुनिया, संजय गरवाल और गोलू कटारा के साथ चोरी की साजिश रची।

माचिस मांगने के बहाने खुलवाया दरवाजा

चारों ने पहले शराब पी और फिर खेत पर बने मकान की ओर गए। बाबू और अनिल कुछ दूरी पर रुक गए, जबकि गोलू और संजय चाकू लेकर घर पहुंचे। गोलू ने माचिस मांगने के बहाने दरवाजा खुलवाया। मड़िया अंदर गए तो गोलू ने पीछे से उनका मुंह दबाकर गर्दन पर चाकू लगाया और रुपये मांगे। संजय सामान तलाशने लगा। मड़िया ने चाकू पकड़कर खींचा तो छीना-झपटी में वह गोलू की गर्दन के पास लगा।

दादा के चिल्लाने पर दोनों भागे

संजय भी पास आया तो संघर्ष के दौरान चाकू उसके सीने में लग गया। दादा के चिल्लाने पर दोनों वहां से भागे। गोलू और संजय के भागने पर कुछ दूरी पर खड़े बाबू और सुनील भी उनके साथ भाग निकले।

करीब 100 मीटर दौड़ने के बाद गोलू पहाड़ियों के बीच गिर गया। तीनों दोस्तों ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन वह बेसुध था। उन्हें लगा कि उसकी धड़कन बंद हो गई है। इसके बाद वे गोलू को जंगल की खाई में झाड़ियों के बीच छोड़कर भाग गए।

यह भी पढ़ें- 'अगर खिलाफ हैं होने दो, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है..' इंदौर के मंच से दिलजीत दोसाझं का विरोधियों को करारा जवाब

दादा ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट

30 अक्टूबर को मड़िया गामड़ ने रावटी थाने में घर में घुसकर मारपीट करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इस घटना में उनकी उंगली में चोट आई थी और टांके लगे थे। दूसरी ओर गोलू 24 अक्टूबर से लापता था। उसके स्वजन ने 12 नवंबर को स्टेशन रोड थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने बाबू, अनिल और संजय व मड़िया गामड़ को हिरासत में लिया।

पूछताछ में तीनों दोस्तों ने चोरी की योजना बनाने और गोलू को जंगल में छोड़ने की बात स्वीकार की है। मड़िया गामड़ के खिलाफ गैर इरादतन हत्या तथा बाबू, अनिल और संजय के खिलाफ घर में घुसने, मारपीट और चोरी की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जाएगा। सोमवार को चारों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।