दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट में झूमा इंदौर: चांद से मंच पर उतरे सिंगर, ‘डू यू नो’ पर हजारों फैंस ने मिलाई आवाज
दिलजीत दोसांझ ने अपने 'आरा इंडिया टूर 2026' के तहत इंदौर में एक धमाकेदार लाइव कॉन्सर्ट किया, जहां हजारों फैंस ...और पढ़ें

कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुति देते पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ।
HighLights
दिलजीत दोसांझ ने इंदौर में 'आरा इंडिया टूर' कॉन्सर्ट किया।
उन्होंने अपने अलग-अलग दौर के लोकप्रिय गीतों पर प्रस्तुति दी।
आतिशबाजी, लेजर लाइट ने बढ़ाई रौनक, राहत इंदौरी को याद किया।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। रात के आठ बजते ही स्टेडियम में उत्साह चरम पर पहुंच गया। हजारों फैंस की निगाहें मंच पर टिकी थीं और तभी सफेद परिधान, काला चश्मा और अपने खास अंदाज में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ की एंट्री हुई। चांद के आकार के प्लेटफॉर्म से मंच पर पहुंचे दिलजीत का दर्शकों ने तालियों और जोरदार शोर के साथ स्वागत किया। इसके साथ ही शुरू हुआ संगीत, मस्ती और धमाकेदार परफॉर्मेंस का सिलसिला।
दिलजीत ने अपने ‘आरा इंडिया टूर 2026’ के तहत रविवार रात इंदौर में लाइव कॉन्सर्ट किया। कार्यक्रम रात आठ बजे शुरू हुआ, लेकिन अपने पसंदीदा कलाकार को देखने के लिए फैंस दोपहर दो बजे से ही स्टेडियम पहुंचने लगे थे। मंच पर आते ही दिलजीत ने हाथ उठाकर दर्शकों का अभिवादन किया और फिर अपने हिट गानों से महफिल सजा दी।
‘5 तारा’ और ‘बॉर्न टू शाइन’ पर झूम उठा स्टेडियम
कॉन्सर्ट में दिलजीत ने अपने करियर के अलग-अलग दौर के लोकप्रिय गानों की प्रस्तुति दी। शुरुआत से ही एक के बाद एक हिट ट्रैक सुनने को मिले। ‘5 तारा’, ‘गोट’ और ‘बॉर्न टू शाइन’ जैसे गानों पर फैंस जमकर झूमे। वहीं, ‘डू यू नो’ की धुन शुरू होते ही हजारों दर्शक दिलजीत के साथ सुर मिलाते नजर आए। मंच से उठती आवाज और दर्शकों की सामूहिक गायकी ने पूरे स्टेडियम को एक बड़े म्यूजिक एरिना में बदल दिया।
पंजाबी पॉप के साथ दिलजीत ने लोक संगीत का रंग भी बिखेरा। उनकी प्रस्तुति पर दर्शक लगातार थिरकते रहे और हर गाने के साथ माहौल और उत्साहपूर्ण होता गया।
आतिशबाजी, लेजर लाइट और लाइट बैंड ने बढ़ाई रौनक
कॉन्सर्ट में संगीत के साथ रोशनी और तकनीक का भी खास तालमेल देखने को मिला। कभी आसमान आतिशबाजी से जगमगाता तो कभी लेजर लाइट की रंगीन किरणें पूरे स्टेडियम में छा जातीं। दर्शकों के हाथों में बंधे लाइट बैंड भी गानों की धुन के साथ एक साथ चमकते नजर आए।
रात करीब नौ बजे दिलजीत ने लगभग दस मिनट का ब्रेक लिया। इस दौरान उन्होंने इंदौर के मशहूर शायर राहत इंदौरी को याद किया और उनका एक शेर सुनाकर शहर के प्रति अपना जुड़ाव भी जाहिर किया।
यह भी पढ़ें- कोविड में छूटी नौकरी, 70 हजार का बकाया... इंदौर में रिटायर्ड DSP के बेटे ने होटल की चौथी मंजिल से कूदकर दी जान
पंजाब से पहुंचे फैंस, बच्चों ने अपनाया दिलजीत वाला लुक
दिलजीत की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके कॉन्सर्ट में शामिल होने के लिए पंजाब से भी बड़ी संख्या में प्रशंसक इंदौर पहुंचे। भीड़ में नन्हे फैंस खास आकर्षण रहे। कई बच्चे अपने पसंदीदा सिंगर की तरह सफेद कपड़े, काले सनग्लासेस और सिर पर स्टाइलिश पगड़ी पहनकर आए थे।
उनका यह अंदाज स्टेडियम में लोगों का ध्यान खींचता रहा। बच्चों के चेहरों पर दिलजीत को सामने देखकर खुशी साफ झलक रही थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।