विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोविड में छूटी नौकरी, 70 हजार का बकाया... इंदौर में रिटायर्ड DSP के बेटे ने होटल की चौथी मंजिल से कूदकर दी जान

Published: Thu, 12 Nov 2026 09:49 PM (GMT+05:30)

इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने होटल की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। कोविड ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने इंदौर के होटल से कूदकर आत्महत्या की।

  2. कोविड में नौकरी छूटी, 70 हजार रुपये होटल किराया बकाया था।

  3. पुलिस आर्थिक परेशानी सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। शहर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने होटल की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 46 वर्षीय राजकुमार यादव के रूप में हुई है। वह रिटायर्ड डीएसपी का बेटा था और पिछले करीब डेढ़ महीने से पत्नी सरवरी बेगम और बेटी के साथ होटल त्रिवेणा में रह रहा था। बुधवार देर रात हुई इस घटना के बाद होटल परिसर के पीछे खाली जगह पर उसका शव मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

देर रात चौथी मंजिल से लगाई छलांग

एसीपी पराग सैनी के मुताबिक, घटना बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब दो बजे की है। राजकुमार होटल की चौथी मंजिल से नीचे कूद गया। होटल के पीछे खाली स्थान पर उसका शव पड़ा मिला। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि राजकुमार रात करीब एक बजे एक स्थान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दिया था। हालांकि, जिस जगह उसका शव मिला, वहां कैमरे नहीं लगे हैं।

कोविड में छूटी नौकरी 

पुलिस के अनुसार, राजकुमार पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर था। कोरोना महामारी के दौरान उसकी नौकरी चली गई थी। इसके बाद से वह अलग-अलग जगहों पर रहने लगा था। पिछले डेढ़ महीने से वह पत्नी और बेटी के साथ होटल में ठहरा हुआ था। होटल का करीब 70 हजार रुपये किराया बकाया हो गया था। बताया जा रहा है कि बकाया राशि को लेकर होटल प्रबंधन भी उससे भुगतान के लिए कह रहा था।

पत्नी बेटी को लेकर कोलकाता जाने निकली, रास्ते से लौटना पड़ा

राजकुमार की पत्नी सरवरी ने पुलिस को बताया कि बुधवार शाम वह बेटी के साथ कोलकाता जाने के लिए निकली थी। उसने राजकुमार से कहा था कि वहां पहुंचकर रुपयों का इंतजाम करेगी। हालांकि, ट्रेन नहीं मिलने के कारण वह रेलवे स्टेशन से वापस लौट आई। इसी दौरान उसे राजकुमार के होटल से गिरने की सूचना मिली।

सरवरी के मुताबिक, दोनों ने वर्ष 2007 में मंदिर में विवाह किया था। उनकी एक बेटी है। इसके करीब तीन साल बाद राजकुमार ने प्रीति यादव से भी शादी कर ली थी।

प्लॉट बेचकर होटल का किराया चुकाने की थी योजना

टीआई के अनुसार, सरवरी ने पुलिस को बताया कि राजकुमार ने भोपाल के एक प्रॉपर्टी ब्रोकर के माध्यम से अपने प्लॉट का सौदा किया था। उसे बिक्री की रकम मिलने का इंतजार था। वह इस पैसे से होटल का बकाया किराया चुकाना चाहता था। इसके बाद बची हुई राशि से खुद का कारोबार शुरू करने की योजना बना रहा था।

यह भी पढ़ें- दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट धमकी केस में बड़ा खुलासा, देवास के युवक की हैक आईडी से भेजा गया था ईमेल; अमेरिका तक जुड़े तार

लोकायुक्त में पदस्थ रह चुके हैं पिता

राजकुमार के पिता धैर्य सिंह मूल रूप से ग्वालियर के रहने वाले हैं और लोकायुक्त में पदस्थ रह चुके हैं। उसका भाई पुलिस विभाग में थानेदार है और धार जिले में पदस्थ है। परिवार पहले इंदौर के नंदानगर में रहता था, जबकि वर्तमान में महालक्ष्मी नगर में रह रहा है।

पुलिस होटल कर्मचारियों और प्रबंधन से पूछताछ कर रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि राजकुमार ने आत्महत्या जैसा कदम किन परिस्थितियों में उठाया। पुलिस आर्थिक परेशानी सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।