विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट धमकी केस में बड़ा खुलासा, देवास के युवक की हैक आईडी से भेजा गया था ईमेल; अमेरिका तक जुड़े तार

Published: Thu, 12 Nov 2026 05:56 PM (IST)

इंदौर में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मामले में पुलिस ने खुलासा किया है कि ...और पढ़ें

दिलजीत दोसांझ। (फाइल फोटो)

दिलजीत दोसांझ। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. धमकी भरा ईमेल देवास के युवक की हैक आईडी से भेजा।

  2. जांच में अमेरिका का संदिग्ध आईपी एड्रेस और वीपीएन मिला।

  3. पुलिस साइबर टीम असली अपराधी और नेटवर्क की तलाश में।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में प्रस्तावित लाइव कॉन्सर्ट को बम धमाके से निशाना बनाने की धमकी के मामले में पुलिस ने अहम खुलासा किया है। जांच में पता चला है कि धमकी भरे ईमेल में से एक देवास के युवक की हैक की गई ईमेल आईडी से भेजा गया था। युवक का ईमेल अकाउंट कई महीने पहले ही हैक हो चुका था।

पुलिस को इसकी तकनीकी जांच में अमेरिका का एक संदिग्ध आईपी एड्रेस मिला है, जिसका इस्तेमाल वीपीएन के जरिए किया गया था। फिलहाल साइबर टीम ईमेल भेजने वाले वास्तविक व्यक्ति और उसके नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

तीन स्कूलों और महापौर कार्यालय को मिले थे धमकी भरे ईमेल

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडिशनल डीसीपी) राजेश दंडोतिया ने गुरुवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि कुछ दिन पहले इंदौर के तीन निजी स्कूलों और महापौर कार्यालय को अलग-अलग ईमेल आईडी से धमकी भरे संदेश मिले थे। इन संदेशों में दिलजीत दोसांझ के आगामी कॉन्सर्ट में बम विस्फोट करने की चेतावनी दी गई थी।

धमकियों के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की गंभीरता से जांच की। शुरुआती पड़ताल में सभी धमकियां फर्जी और भ्रामक पाई गईं। हालांकि, अलग-अलग ईमेल अकाउंट से संदेश भेजे जाने के कारण साइबर टीम इनके पीछे सक्रिय व्यक्ति या समूह की पहचान करने में जुटी है।

मार्च-अप्रैल में हैक हुआ था युवक का ईमेल अकाउंट

एडिशनल डीसीपी के मुताबिक, धमकी भरे ईमेल में से एक देवास निवासी निखिल गुप्ता की ईमेल आईडी से भेजा गया था। निखिल एक निजी कंपनी में काम करते हैं। जांच में सामने आया कि उनका ईमेल अकाउंट इसी साल मार्च या अप्रैल में हैक हो गया था। वह लंबे समय से इसे रिकवर करने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस ने निखिल के बयान दर्ज कर लिए हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि हैक किए गए अकाउंट का इस्तेमाल किसने और कहां से किया।

यह भी पढ़ें- भोपाल-इंदौर मेट्रो में सफर हुआ सस्ता, 50 रुपये के स्मार्ट कार्ड से हर यात्रा पर 25% की बचत; टिकट खरीदने की झंझट भी खत्म

अमेरिकी आईपी एड्रेस और वीपीएन का मिला सुराग

साइबर जांच के दौरान ईमेल अकाउंट के लॉगिन रिकॉर्ड खंगाले गए। इसमें अमेरिका का एक संदिग्ध आईपी एड्रेस सामने आया है। पुलिस के अनुसार, इस आईपी एड्रेस का इस्तेमाल वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन) के जरिए किया गया था। इससे वास्तविक लोकेशन और ईमेल भेजने वाले की पहचान छिपाने की कोशिश की गई हो सकती है।

फिलहाल पुलिस हैकिंग के पूरे घटनाक्रम, संदिग्ध आईपी एड्रेस और इसके पीछे सक्रिय साइबर अपराधियों की भूमिका की जांच कर रही है।

कॉन्सर्ट की अनुमति पर फैसला बाकी

इधर, 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट के लिए आयोजकों ने पुलिस प्रशासन से अनुमति मांगी है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि आवेदन पर विचार किया जा रहा है। कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था और अन्य पहलुओं की समीक्षा के बाद ही अनुमति को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।