विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रतलाम: प्रार्थना सभा में मतांतरण के आरोप से हंगामा, पुलिस को मिलीं आदिवासी महिलाएं-बच्चे; बाइबिल और पेन ड्राइव जब्त

Published: Sun, 01 Nov 2026 06:23 PM (IST)

रतलाम के रावटी में एक मकान में चल रही प्रार्थना सभा को लेकर मतांतरण के आरोप लगे हैं। हिंदू जागरण ...और पढ़ें

रावटी में एक मकान में चल रही थी प्रार्थना सभा।

रावटी में एक मकान में चल रही थी प्रार्थना सभा।

HighLights

  1. रतलाम के रावटी में प्रार्थना सभा पर मतांतरण का आरोप।

  2. पुलिस ने मौके से बाइबिल और पेन ड्राइव जब्त की।

  3. पुलिस की शुरुआती जांच में मतांतरण की पुष्टि नहीं हुई है।

डिजिटल डेस्क, रतलाम। रतलाम जिले के रावटी में रविवार दोपहर एक मकान में चल रही प्रार्थना सभा को लेकर विवाद खड़ा हो गया। हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि इलाज के नाम पर आदिवासी महिलाओं और बच्चों को बुलाकर उनका मतांतरण कराया जा रहा है। शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो मकान के एक कमरे में कई आदिवासी महिलाएं और बच्चे प्रार्थना करते मिले। तलाशी के दौरान पुलिस ने तीन बाइबिल, एक पेन ड्राइव, कुछ पहचान पत्र और प्रार्थना सभा से संबंधित सामग्री जब्त की। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में मतांतरण कराए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।

घटना स्टेशन रोड स्थित एक मकान की है। जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हिंदू जागरण मंच के रावटी खंड संयोजक रितेश जाट और सहसंयोजक शिवा रायकवार को यहां इलाज के बहाने मतांतरण कराए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो कमरे में एक महिला कुर्सी पर बैठी थी, जबकि अन्य आदिवासी महिलाएं और छोटे बच्चे जमीन पर बैठे हुए थे।

प्रार्थना से बीमारी ठीक होने की कही बात

मौके पर पहुंची महिला पुलिसकर्मी ने वहां मौजूद महिलाओं से पूछताछ की। उनसे यह जानने का प्रयास किया गया कि वे कब से यहां आ रही हैं और प्रार्थना सभा में क्या गतिविधियां होती हैं। इस पर एक महिला ने बताया कि यहां प्रार्थना की जाती है। उसका कहना था कि अस्पतालों में इलाज पर काफी पैसा खर्च करने के बाद भी कई बार बीमारी ठीक नहीं होती, जबकि यहां प्रार्थना करने से लोगों को राहत मिलती है।

इसके बाद पुलिस ने कमरे की तलाशी ली। इस दौरान तीन बाइबिल, एक पेन ड्राइव, कुछ आईडी कार्ड और प्रार्थना सभा से जुड़ी अन्य सामग्री मिली। घटनास्थल का वीडियो भी सामने आया है। पुलिसकर्मियों द्वारा वीडियो बनाए जाने पर कमरे में कुर्सी पर बैठी महिला ने आपत्ति जताई।

यह भी पढ़ें- रतलाम में पहचान छिपाकर युवती के साथ ठहरा रिजवान, होटल मालिक भी गिरफ्तार; कमरे में मिली करवाचौथ की पूजन सामग्री

लंबे समय से प्रार्थना सभा में आ रहे लोग

जिस मकान में प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी, वह रावटी निवासी भूरिया नाम के व्यक्ति का बताया जा रहा है। रावटी थाना प्रभारी मनीष डाबर के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मतांतरण से जुड़े कोई तथ्य सामने नहीं आए हैं। पूछताछ में पता चला है कि यहां आने वाले लोग लंबे समय से प्रार्थना सभा में शामिल हो रहे हैं। इनमें कोई नया व्यक्ति नहीं मिला है।

फिलहाल पुलिस ग्रामीणों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान मतांतरण से संबंधित कोई तथ्य सामने आते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।