रतलाम में गोमांस की पुष्टि के बाद प्रशासन की सख्ती, 12 ठिकानों पर छापे; 7 जगह अवैध बूचड़खाने मिले
मथुरा लैब से गोमांस की पुष्टि होने के बाद रतलाम प्रशासन ने बाजना में संयुक्त कार्रवाई की। शहर के 12 मांस विक्रय स्थलों पर दबिश दी गई, जिसमें 7 अवैध बूचड़खाने मिले और 9 लोगों पर केस दर्ज हुआ।

अवैध बूचड़खानों की जांच करने पहुंची टीम। (फोटो- जागरण)
HighLights
मथुरा लैब ने जब्त मांस को गोमांस बताया।
रतलाम में 12 मांस विक्रय स्थलों पर प्रशासन की दबिश।
सात अवैध बूचड़खाने मिले, नौ लोगों पर केस दर्ज।
डिजिटल डेस्क, रतलाम। बाजना में जब्त मांस की मथुरा स्थित प्रयोगशाला से आई जांच रिपोर्ट में गोमांस की पुष्टि होने के बाद रविवार को रतलाम में प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई की। सुबह नौ बजे पुलिस, राजस्व, पशु विभाग और नगर निगम की टीम ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में एक साथ 12 मांस विक्रय स्थलों पर दबिश दी। जांच के दौरान सात स्थानों पर अवैध बूचड़खाने संचालित होते मिले। यहां घरों में रखे डीप फ्रीजर में बड़ी मात्रा में मांस मिला। पशु विभाग के चिकित्सकों की टीम ने मांस के नमूने जब्त कर जांच के लिए भेजे हैं।
एक साथ 12 ठिकानों पर दबिश
कार्रवाई में सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, तहसीलदार आशीष उपाध्याय सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। शहर के चारों थानों के अधिकारी भी टीम में शामिल थे। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के काजीपुरा, मोचीपुरा, शेरानीपुरा और कसाई मंडी तथा माणकचौक थाना क्षेत्र के मोमिनपुरा, मांडली चौराहा और ओझाखाली में एक साथ दबिश दी गई। इस दौरान घरों के अंदर और छतों पर तलाशी भी ली गई।
नौ लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम में केस
सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि नगर निगम की ओर से अवैध बूचड़खानों के संचालन की शिकायतें मिली थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई की गई। सात स्थानों पर अवैध बूचड़खाने मिले हैं। नौ लोगों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें माणकचौक थाना क्षेत्र के मेहबूब कुरैशी, इशाक कुरैशी, जर्रार कुरैशी, इकबाल कुरैशी और जाकिर कुरैशी तथा स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में अफजल, जफर, नाहरू और बदरू कुरैशी शामिल है।
यह भी पढ़ें- 'गंभीर अपराध के आरोप में भी किशोर को जमानत से नहीं रोक सकते'; NDPS केस में एमपी हाई कोर्ट का अहम फैसला
बाजना में अप्रैल 2025 में जब्त किया था मांस
बाजना में 14 अप्रैल 2025 को पुलिस ने गढ़ीगमना रोड स्थित सद्दाम पुत्र एहसान मकरानी निवासी हमीरगंज की मुर्गा-मुर्गी की दुकान पर दबिश दी थी। पुलिस को देखकर सद्दाम हाथ में रखे झोले को फेंककर खेत की ओर भाग गया था। झोले की जांच में करीब छह किलो मांस मिला था। पुलिस ने मांस जब्त कर नमूना जांच के लिए भेजा था।
मथुरा की प्रयोगशाला की रिपोर्ट में मांस गोवंश का होने की पुष्टि हुई। इस दौरान पुलिस बल भी गांव में पहुंचा था, जहां तलाशी के दौरान विवाद की स्थिति निर्मित हुई थी। इसके बाद हिंदू संगठनों ने आक्रोश जताते हुए अवैध बूचड़खानों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।