विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'गंभीर अपराध के आरोप में भी किशोर को जमानत से नहीं रोक सकते'; NDPS केस में एमपी हाई कोर्ट का अहम फैसला

Published: Sun, 29 Nov 2026 08:21 PM (IST)

मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने किशोर न्याय अधिनियम के तहत जमानत को सामान्य नियम बताया और 50 हजार रुपये के मुचलके पर किशोर को मां की सुपुर्दगी में रिहा करने का आदेश दिया।

इंदौर हाई कोर्ट भवन। (फाइल फोटो)

इंदौर हाई कोर्ट भवन। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. नाबालिग को केवल अपराध की गंभीरता पर जमानत से वंचित नहीं कर सकते।

  2. किशोर न्याय अधिनियम के तहत जमानत सामान्य नियम, इंकार अपवाद।

  3. एमपी हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने एनडीपीएस मामले में किशोर को दी जमानत।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। नशीले पदार्थों की तस्करी जैसे गंभीर अपराध में आरोपित होने पर भी किसी नाबालिग को केवल अपराध की गंभीरता के आधार पर जमानत से वंचित नहीं किया जा सकता। किशोर न्याय अधिनियम के तहत जमानत सामान्य नियम है, जबकि इन्कार अपवाद। इस टिप्पणी के साथ मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में 17 वर्ष पांच माह के किशोर को जमानत पर रिहा करने के आदेश दिए हैं।

न्यायमूर्ति आलोक अवस्थी की एकलपीठ ने कहा कि एनडीपीएस एक्ट के कठोर प्रावधान भी किशोर न्याय अधिनियम की धारा 12 के विशेष प्रविधानों को निष्प्रभावी नहीं कर सकते। कोर्ट ने किशोर न्याय बोर्ड और सेशन कोर्ट के जमानत निरस्त करने के आदेश रद करते हुए किशोर को 50 हजार रुपये के व्यक्तिगत मुचलके और इतनी ही राशि के जमानतदार की शर्त पर मां की सुपुर्दगी में रिहा करने का निर्देश दिया।

20 किलो से अधिक डोडा-चूरा बरामदगी का मामला

बता दें कि मंदसौर जिले की सुवासरा पुलिस ने सात सितंबर को किशोर को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि उसके और एक वयस्क साथी के संयुक्त कब्जे से 20 किलो 600 ग्राम डोडा-चूरा मिला था। किशोर के व्यक्तिगत कब्जे से 6.350 किग्रा डोडा-चूरा मिलने का आरोप है। किशोर न्याय बोर्ड ने 18 सितंबर और सेशन कोर्ट ने 24 सितंबर को उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद मां के माध्यम से हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई।

यह भी पढ़ें- 'निष्क्रिय न रहे पत्नी, भत्ते के साथ खुद भी कमा सकती है'; भरण-पोषण मामले में एमपी हाई कोर्ट की अहम टिप्पणी

जमानत से इन्कार के लिए ठोस आधार जरूरी

हाई कोर्ट ने कहा कि जमानत से इन्कार के लिए तीन परिस्थितियों में से किसी एक का होना जरूरी है। इनमें बच्चे के किसी ज्ञात अपराधी के संपर्क में आने, उसके नैतिक, शारीरिक या मानसिक खतरे में पड़ने अथवा न्याय के उद्देश्यों के विफल होने की आशंका हो। केवल अपराध की गंभीरता या भविष्य में अपराध दोहराने की आशंका पर्याप्त नहीं है। सामाजिक जांच रिपोर्ट में किशोर का पूर्व आपराधिक रिकार्ड नहीं मिला। ऐसे में लंबे समय तक हिरासत में रखना पुनर्वास और सुधार के उद्देश्य के विपरीत होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।