विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'निष्क्रिय न रहे पत्नी, भत्ते के साथ खुद भी कमा सकती है'; भरण-पोषण मामले में एमपी हाई कोर्ट की अहम टिप्पणी

Published: Fri, 27 Nov 2026 06:59 PM (IST)

मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने भरण-पोषण मामले में कहा कि पत्नी को निष्क्रिय जीवन नहीं जीना चाहिए और वह गुजारा भत्ते के साथ स्वयं भी कमा सकती है। कोर्ट ने पति की आर्थिक हैसियत के अनुरूप पत्नी के जीवन जीने के अधिकार को बरकरार रखते हुए ₹25,000 प्रतिमाह के भरण-पोषण के आदेश को उचित ठहराया।

इंदौर हाई कोर्ट। (फाइल फोटो)

इंदौर हाई कोर्ट। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. पत्नी को निष्क्रिय जीवन नहीं जीना चाहिए, स्वयं कमा सकती है।

  2. पति की आर्थिक हैसियत के अनुरूप जीवन जीने का अधिकार।

  3. इंदौर फैमिली कोर्ट का ₹25,000 मासिक भत्ता बरकरार।

डिजिटल डेस्क, रतलाम। भरण-पोषण के एक मामले में मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने अहम टिप्पणी करते हुए कहा है कि पत्नी को निष्क्रिय जीवन नहीं जीना चाहिए। पति से मिलने वाले गुजारा भत्ते के साथ वह अपनी आजीविका के लिए स्वयं भी कमाने का प्रयास कर सकती है। हालांकि, पत्नी को पति की आर्थिक हैसियत के अनुरूप जीवन जीने का अधिकार है और भरण-पोषण पाने के लिए उसका पूरी तरह निराश्रित होना जरूरी नहीं है।

जस्टिस आलोक अवस्थी की एकलपीठ ने इंदौर फैमिली कोर्ट द्वारा निर्धारित 25 हजार रुपये प्रतिमाह के भरण-पोषण को बरकरार रखा। हाई कोर्ट ने इस फैसले को चुनौती देने वाली पति और पत्नी, दोनों की याचिकाएं खारिज कर दीं।

पत्नी ने मांगा था 50 हजार रुपये भत्ता

दंपती का विवाह 21 नवंबर 1998 को रतलाम में सिख रीति-रिवाज से हुआ था। उनके एक बेटा और एक बेटी हैं, जो दोनों बालिग हैं। पत्नी ने पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए बताया कि वर्ष 2021 में उसे घर से निकाल दिया गया था। परिजनों की समझाइश के बाद दोनों फिर साथ रहने लगे, लेकिन 15 अक्टूबर 2022 को हुए विवाद के बाद उसे दोबारा घर छोड़ना पड़ा।

करीब एक साल तक भरण-पोषण की व्यवस्था नहीं होने पर पत्नी ने फैमिली कोर्ट में याचिका दायर कर 50 हजार रुपये प्रतिमाह देने की मांग की थी। फैमिली कोर्ट ने 5 जून 2026 को सुनवाई के बाद 25 हजार रुपये महीने का भत्ता तय किया।

पति ने बताई अलग रहने की वजह

फैमिली कोर्ट के आदेश को पत्नी ने हाई कोर्ट में चुनौती देते हुए कहा कि उसका पति पेट्रोल पंप का मालिक है और आय के अन्य स्रोत भी हैं। इसके बावजूद उसकी वास्तविक आर्थिक स्थिति का उचित आकलन नहीं किया गया।

वहीं, पति ने दलील दी कि पत्नी बिना किसी ठोस कारण के उससे अलग रह रही है। उसका कहना था कि पत्नी शिक्षित है और ऐसा कोई रिकॉर्ड नहीं है, जिससे साबित हो कि वह कमाने में असमर्थ है। पति ने परिवार के साथ पेट्रोल पंप संचालित करने और करीब 70 हजार रुपये प्रतिमाह आय होने की बात स्वीकार की थी।

यह भी पढ़ें- 'बुनियादी प्रशिक्षण की जरूरत', हिरासत आदेश की त्रुटियों पर हाई कोर्ट की रीवा कमिश्नर को फटकार; दो दिन में जवाब तलब

पति की हैसियत के अनुरूप जीवन जीने का अधिकार

हाई कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के विभिन्न फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि पत्नी को पति के सामाजिक और आर्थिक स्तर के अनुरूप जीवन जीने का अधिकार है। भरण-पोषण पाने के लिए उसका पूरी तरह बेसहारा या निराश्रित होना अनिवार्य नहीं है।

कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि गुजारा भत्ते की राशि तय करते समय दोनों पक्षों की आर्थिक स्थिति का संतुलन जरूरी है। रकम इतनी अधिक नहीं होनी चाहिए कि पति पर असहनीय बोझ पड़े और इतनी कम भी नहीं होनी चाहिए कि पत्नी को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़े। इसी आधार पर हाई कोर्ट ने 25 हजार रुपये प्रतिमाह के भरण-पोषण को उचित मानते हुए दोनों पक्षों की याचिकाएं खारिज कर दीं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।