राहुल गांधी ने निभाया वादा, बड़वानी की प्रियंका का दिल्ली में कराया आंखों का ऑपरेशन
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इंदौर में किए अपने वादे को पूरा करते हुए बड़वानी की छात्रा प्रियंका सेंगर की ...और पढ़ें

छात्रों की गूंज कार्यक्रम के मंच पर राहुंल गांधी के साथ छात्रा। (फाइल फोटो)
HighLights
राहुल गांधी ने बड़वानी की छात्रा प्रियंका से किया वादा निभाया।
प्रियंका की आंखों का दिल्ली में सफल ऑपरेशन हुआ।
इलाज के बाद प्रियंका की आंखों की रोशनी में सुधार आया।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान बड़वानी की छात्रा प्रियंका सेंगर से किया वादा पूरा कर दिया है। आंखों की बीमारी से जूझ रही प्रियंका का दिल्ली के अस्पताल में ऑपरेशन कराया गया। इलाज के बाद उसकी आंखों की रोशनी में पहले से सुधार हुआ है। ऑपरेशन के बाद कांग्रेस की ओर से उसे फ्लाइट से इंदौर वापस भेजा गया।
दरअसल, 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में प्रियंका भी मंच पर मौजूद विद्यार्थियों में शामिल थी। इस दौरान राहुल गांधी की नजर उसकी खराब आंख पर पड़ी तो उन्होंने उससे परेशानी के बारे में पूछा। प्रियंका ने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसका इलाज अधूरा रह गया है। इस पर राहुल गांधी ने मंच से ही दिल्ली में उसका इलाज कराने का आश्वासन दिया था।
तीन साल की उम्र में आंख में चला गया था चूना
प्रियंका ने बताया था कि जब वह महज तीन साल की थी, तब उसकी आंख में चूना चला गया था। इसके कारण उसकी एक आंख की रोशनी चली गई। उसका एक ऑपरेशन हो चुका था, लेकिन दूसरे ऑपरेशन के लिए परिवार के पास पर्याप्त पैसे नहीं थे।
राहुल गांधी के आश्वासन के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी प्रियंका के माता-पिता से फोन पर बात की थी और इलाज कराने का भरोसा दिलाया था।

राहुल की टीम ने दिल्ली बुलाकर कराया ऑपरेशन
पिछले महीने राहुल गांधी की टीम ने प्रियंका और उसके परिजनों से संपर्क किया और उन्हें इलाज के लिए दिल्ली बुलाया। वहां टीम ने पहले प्रियंका के पुराने इलाज से जुड़ी पूरी जानकारी जुटाई। इसके बाद दिल्ली के अस्पताल में उसकी आंख का ऑपरेशन कराया गया। इलाज सफल रहा और अब उसकी देखने की क्षमता में सुधार हुआ है। इलाज पूरा होने के बाद कांग्रेस ने प्रियंका को विमान से इंदौर वापस भेज दिया।
यह भी पढ़ें- खातेगावं TI को ट्रक से कुचलने वाला ड्राइवर आलीराजपुर से गिरफ्तार, लंबे समय से कर रहा था अवैध शराब का परिवहन
कार्यक्रम में हॉस्टल की समस्याएं भी उठाई थीं
गौरतलब है कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान प्रियंका ने अपनी आंख की समस्या के साथ ही हॉस्टल से जुड़ी परेशानियों को भी राहुल गांधी के सामने रखा था। अब इलाज के लिए किए गए वादे को पूरा करने के राहुल गांधी के इस कदम की सराहना हो रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।