खातेगावं TI को ट्रक से कुचलने वाला ड्राइवर आलीराजपुर से गिरफ्तार, लंबे समय से कर रहा था अवैध शराब का परिवहन
देवास के खातेगांव टीआई दिलीप पुरी गोस्वामी को मिनी ट्रक से कुचलने के मामले में मुख्य आरोपी ड्राइवर गजेंद्र उर्फ ...और पढ़ें

आरोपी ट्रक ड्राइवर (बायें) को पुलिस ने पकड़ा।
HighLights
मुख्य आरोपी ड्राइवर गजेंद्र रावत आलीराजपुर से गिरफ्तार।
आरोपी अवैध शराब तस्करी में लंबे समय से सक्रिय था।
पुलिस अब पूरे शराब तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है।
डिजिटल डेस्क, देवास। जिले के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी को मिनी ट्रक से कुचलकर मारने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी ड्राइवर गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत को आलीराजपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपित से अवैध शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों को लेकर पूछताछ की जा रही है।
जांच में सामने आया है कि गजेंद्र लंबे समय से अवैध शराब के परिवहन में सक्रिय था। वह मध्य प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों से लेकर गुजरात के छोटा उदयपुर और दाहोद तक शराब की खेप पहुंचाता था। उसके खिलाफ वर्ष 2018 और 2021 में अवैध शराब परिवहन के मामले दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। उसका छोटा भाई धर्मेंद्र उर्फ बबलू भी रंगदारी के मामलों में सक्रिय बताया जा रहा है। आरोपी के पिता पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हैं।
सरगना समेत तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार
टीआई की हत्या के मामले में पुलिस अब तक शराब तस्करी के कथित मुख्य सरगना कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल, उसके सहयोगी इंदौर निवासी विजय राव और मिनी ट्रक मालिक केरम सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है।
सोमवार रात पुलिस मिनी ट्रक मालिक केरम सिंह को घटनास्थल पर लेकर पहुंची थी। इस दौरान उसने पुलिस से बचकर भागने की कोशिश की, लेकिन गिरने से घायल हो गया। पुलिस ने उसका उपचार कराया।
ढाबे के पास मिनी ट्रक से कुचले गए थे TI
घटना रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे की है। देवास जिले के खातेगांव क्षेत्र में इंदौर-बैतूल हाईवे स्थित नर्मदा ढाबे के पास अवैध शराब से भरे मिनी ट्रक को रोकने के लिए थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी पहुंचे थे।
इसी दौरान ट्रक चालक ने वाहन रोकने के बजाय उन्हें कुचल दिया। मिनी ट्रक (एमपी 43 एच 4786) का पिछला पहिया थाना प्रभारी के सीने और कमर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से घायल थाना प्रभारी की मौत हो गई। वारदात के बाद चालक मौके से फरार हो गया था।
यह भी पढ़ें- खातेगांव TI हत्याकांड: बलिदानी के पिता का छलका दर्द- बेटे की हत्या की CBI जांच हो, दोषियों को फांसी मिले
पूछताछ में सामने आएंगे तस्करी नेटवर्क से जुड़े नाम
देवास की एडिशनल एसपी सौम्या जैन के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। इससे अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों और उनकी भूमिका स्पष्ट करने में मदद मिलेगी।
पुलिस की जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी, किन रास्तों से गुजरात तक पहुंचाई जाती थी और इस पूरे कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।