नीमच के तिलस्वा घाट पर पिकअप वाहन खाई में गिरा, 3 मजदूरों की मौत, तीन गंभीर घायल
नीमच जिले के तिलस्वा घाट पर मंगलवार रात एक पिकअप वाहन खाई में गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो ...और पढ़ें

तिलस्वा घाट पर दर्दनाक हादसा (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इंदौर। नीमच जिले के तिलस्वा घाट में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में पिकअप में सवार तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के धौलपुर से बांसवाड़ा जा रहा पिकअप वाहन (आरजे-14-जीएन-6549) में पेंट की बाल्टियां लदी हुई थीं। वाहन में मौजूद मजदूर इन्हीं बाल्टियों के ऊपर बैठे हुए थे। मंगलवार रात करीब 9:30 बजे तिलस्वा घाट के खतरनाक मोड़ पर वाहन चालक संतुलन खो बैठा और पिकअप सड़क से नीचे उतरकर सीधे गहरी खाई में जा गिरा।
रंग से ढके दिखे हताहत, मंजर था भयावह
हादसे के बाद पिकअप में रखी पेंट की बाल्टियां भी पलट गईं, जिससे उनमें भरा रंग मजदूरों और घायलों पर फैल गया। घटनास्थल पर बिखरा सामान और रंग से सने घायल व मृतक हादसे की भयावहता बयां कर रहे थे।
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत टीम मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
यूपी और राजस्थान के मजदूर थे सवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में सवार मजदूर उत्तर प्रदेश और राजस्थान के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घायलों की पहचान मोहम्मद जाकिर, इदरीस और सोमपाल के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बरेली क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए कोटा रेफर किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। हादसे में गंभीर चोटें आने के कारण पहचान करने में कठिनाई हो रही है। घायलों के अत्यधिक गंभीर होने से मृतकों की शिनाख्त में मुश्किल हो रही है।
