विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

220 किलो वजन, 5 फीट हाइट और ड्राई फ्रूट्स की डाइट... इंदौर में आकर्षण का केंद्र बना 'शाही बकरा'

Published: Wed, 27 May 2026 05:11 PM (IST)

इंदौर की गुलजार कॉलोनी में मोईन खान का 220 किलो वजनी और 5 फीट ऊंचा 'शाही बकरा' ईद-उल-अजहा से पहले ...और पढ़ें

शाही बकरा बना आकर्षण का केंद्र।

शाही बकरा बना आकर्षण का केंद्र।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, इंदौर। इंदौर की गुलजार कॉलोनी इन दिनों एक खास मेहमान को लेकर लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां रहने वाले मोईन खान पंजाब से एक ऐसा अनोखा बकरा लेकर आए हैं, जिसने अपनी विशाल कद-काठी और खास देखभाल के चलते लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। ईद-उल-अजहा (बकरीद) से पहले इस बकरे को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

करीब ढाई साल उम्र का यह बकरा अपने वजन और रहन-सहन के कारण इलाके में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को बकरीद के अवसर पर इसकी कुर्बानी दी जाएगी।

मजबूत कदकाठी और शाही देखभाल

मोईन खान के अनुसार इस बकरे का वजन करीब 215 से 220 किलोग्राम के बीच है। इसकी जमीन से गर्दन तक की ऊंचाई लगभग पांच फीट और लंबाई करीब 65 इंच बताई जा रही है। अपने असाधारण आकार के कारण इसे शहर के सबसे वजनी बकरों में से एक माना जा रहा है।

बकरे की देखभाल भी किसी खास मेहमान से कम नहीं की जाती। इसकी रोजाना की डाइट में करीब दो लीटर दूध, लगभग 250 ग्राम मिश्रित ड्राई फ्रूट्स जैसे काजू, बादाम, अखरोट और मुनक्का के साथ 8 से 10 किलो हरी पत्तियां शामिल हैं।

गर्मी से बचाने के लिए इसे लगातार कूलर की ठंडी हवा में रखा जाता है और पीने के लिए ठंडा पानी दिया जाता है।

8 लाख रुपये तक बोली लगी

यह बकरा पंजाब की प्रसिद्ध बीटल नस्ल का है, जिसके शरीर पर भूरे रंग के आकर्षक धब्बे हैं। मोईन खान ने इसे लगभग एक वर्ष पहले पंजाब से अपने परिचित के माध्यम से 1.20 लाख रुपये में खरीदा था और दो दिन का सफर तय कर इंदौर लाए थे।

एक साल तक विशेष देखभाल और खानपान के बाद इस बकरे की कीमत कई गुना बढ़ गई। बताया जा रहा है कि कई शौकीनों ने इसके लिए 8 लाख रुपये तक देने की पेशकश की, लेकिन मोईन ने उसे बेचने से इनकार कर दिया।

मोईन का कहना है कि उन्हें विशेष नस्ल और भारी बकरे पालने का शौक है और उन्होंने इसे शुरुआत से ही कुर्बानी के उद्देश्य से तैयार किया था।

यह भी पढ़ें- खरगोन में पोस्टिंग के बदले रिश्वत का खेल बेनकाब, सहायक प्राध्यापक 50 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार