गुजरात में बोलेरो में जिंदा जले MP के 2 मजदूर, एक नाबालिग; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
गुजरात के अमरेली जिले में एक बोलेरो वाहन में आग लगने से आलीराजपुर के दो मजदूर जिंदा जल गए। परिजनों ...और पढ़ें

वाहन जलकर खाक। (इनसेट- मृतक रवि व नितिन)
HighLights
गुजरात के अमरेली में गाड़ी के भीतर दो मजदूर जिंदा जले।
मृतक आलीराजपुर जिले के कठीवाड़ा तहसील के निवासी थे।
परिजनों ने पैसे-गाड़ी के विवाद में हत्या की आशंका जताई।
डिजिटल डेस्क, आलीराजपुर/कट्टीवाड़ा। गुजरात के अमरेली जिले में बोलेरो वाहन में आग लगने से आलीराजपुर जिले के के दो मजदूरों की मौत हो गई। दोनों वाहन में सो रहे थे। मंगलवार सुबह वाहन पूरी तरह जला मिला। दोनों के झुलसे शव अंदर थे। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान आलीराजपुर जिले की कठीवाड़ा तहसील निवासी रवि कमलेशभाई बघेल (16) और नितिन रामसिंह पचाया (21) के रूप में हुई है। दोनों मजदूरी करने गुजरात के लीलिया तहसील के गुंदरन गांव गए थे।
धमाके की आवाज से खुली परिजनों की नींद
मामले में रवि के पिता कमलेशभाई ने बताया वह रात करीब 11 बजे तक जाग रहे थे। इसके बाद सोने चले गए। रात करीब 12:30 बजे उन्हें धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। नींद खुलने पर गाड़ी में आग लगी देखी। परिवार का आरोप है कि पैसों के लेन-देन और गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते विनोद नाम के व्यक्ति ने गाड़ी में आग लगाई। दोनों को जिंदा जलाकर मार दिया।
चार माह से खेती कर रहा बटाईदार परिवार
खेत मालिक के रिश्तेदार रमेश वालजीभाई काछड़िया के मुताबिक, खेत अश्विनभाई जीवाभाई काछड़िया का है और इसका संचालन उनके भाई सुरेश पटेल करते हैं। यहां बटाईदार परिवार करीब चार महीने से खेती कर रहा था। रमेश ने बताया कि उन्हें रात करीब 1:20 बजे फोन पर घटना की सूचना मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस को जानकारी दी।
यह भी पढ़ें- देवास शराब कांड: कांग्रेस नेता आनंद कासलीवाल गिरफ्तार, कोर्ट ले जाते समय बिगड़ी तबीयत
लीलिया पुलिस और फोरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। परिजन दोनों के शव लेने के लिए रवाना हो गए हैं।
कुछ संदिग्ध हिरासत में
उधर, डीएसपी विस्मय मानसता ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।