देवास शराब कांड: कांग्रेस नेता आनंद कासलीवाल गिरफ्तार, कोर्ट ले जाते समय बिगड़ी तबीयत
देवास के चंदाना में अवैध शराब और संदिग्ध मौतों के मामले में कांग्रेस नेता आनंद कासलीवाल को गिरफ्तार किया गया ...और पढ़ें

अस्पताल में भर्ती आनंद केसलीवाल।
डिजिटल डेस्क, देवास। देवास के चंदाना में केमिकलयुक्त अवैध शराब और संदिग्ध मौतों के मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता आनंद कासलीवाल को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस उनके बेटे अमन कासलीवाल को भी गिरफ्तार कर चुकी है। अमन पर जहरीला केमिकल मेथनॉल अवैध शराब बनाने वाले गिरोह को बेचने का संदेह है। पुलिस ने जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर उसे आरोपी बनाया था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस जब आनंद कासलीवाल को न्यायालय में पेश करने ले जा रही थी, तभी उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। पुलिस ने उन्हें तत्काल देवास जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
केमिकल सप्लाई नेटवर्क की जांच में 11 गिरफ्तारियां
चंदाना क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और दो संदिग्ध मौतों की जांच करते हुए पुलिस अब केमिकल सप्लाई करने वाले नेटवर्क तक पहुंच गई है। मामले की शुरुआत 15 और 18 अक्टूबर को हुई दो संदिग्ध मौतों की मर्ग जांच से हुई थी। इस दौरान मृतकों के स्वजन और स्थानीय लोगों ने पुलिस को चंदाना निवासी विनोद जायसवाल के अवैध शराब बेचने की जानकारी दी थी।
इसके बाद पुलिस ने मुखबिरों से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया। जांच में इंदौर निवासी अमन कासलीवाल का नाम सामने आया। पुलिस के अनुसार, उस पर अवैध और केमिकलयुक्त शराब तैयार करने वाले गिरोह को घातक केमिकल बेचने का आरोप है।
यह भी पढ़ें- खातेगांव TI दिलीप पुरी के परिवार को एक करोड़ की सहायता, पत्नी को मिलेगी SI की नौकरी; CM मोहन यादव का ऐलान
कार की डिक्की से मिली थीं अवैध शराब की छह पेटियां
पुलिस ने 26 अक्टूबर को प्रतापनगर-आंबेडकर नगर क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित विनोद जायसवाल, अजय राठौर और रामेश्वर सोनगरा को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उनकी कार की डिक्की से अवैध शराब की छह पेटियां बरामद की गई थीं।
पुलिस की पूछताछ और आगे की कार्रवाई में अब तक कुल 11 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच का फोकस अब शराब तैयार करने में इस्तेमाल किए गए केमिकल की खरीद-फरोख्त और उसकी सप्लाई से जुड़े लोगों पर है।
चंदाना में हुई संदिग्ध मौतों को केमिकलयुक्त शराब के सेवन से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि, मौतों के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच और संबंधित चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर ही हो सकेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।