'गलत मंशा से नाबालिग का हाथ पकड़ना भी यौन हमला', MP हाई कोर्ट का अहम फैसला; पॉक्सो एक्ट में दोषी की सजा बरकरार
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने स्पष्ट किया है कि यौन मंशा से नाबालिग लड़की का हाथ पकड़ना भी पॉक्सो एक्ट के तहत यौन हमला माना जाएगा। कोर्ट ने आरोपित की दोषसिद्धि और सजा को बरकरार रखते हुए उसकी अपील खारिज कर दी।

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
यौन मंशा से नाबालिग का हाथ पकड़ना यौन हमला माना जाएगा।
पॉक्सो एक्ट के तहत दोषी की सजा बरकरार रखी गई।
अपराध की प्रकृति में मंशा और परिस्थितियों को अहम माना गया।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने स्पष्ट किया है कि यौन मंशा से किसी नाबालिग लड़की का हाथ पकड़ना भी पॉक्सो एक्ट के तहत यौन हमला (Sexual Assault) माना जा सकता है। कोर्ट ने कहा कि अपराध की प्रकृति तय करने में केवल शारीरिक संपर्क ही नहीं, बल्कि आरोपित की मंशा और घटना की परिस्थितियां भी अहम हैं।
इस टिप्पणी के साथ हाई कोर्ट ने आरोपित की दोषसिद्धि और सजा को बरकरार रखते हुए उसकी अपील खारिज कर दी। न्यायमूर्ति आलोक अवस्थी की एकलपीठ ने विशेष न्यायाधीश द्वारा पॉक्सो एक्ट की धारा 7 और 8 के तहत सुनाई गई सजा के खिलाफ दायर अपील पर यह फैसला दिया।
घर में अकेली पाकर लड़की का पकड़ा था हाथ
अभियोजन के मुताबिक, 23 सितंबर 2020 को यूसुफ नाम का आरोपित पीड़िता के घर मिस्त्री का काम कर रहा था। उस समय लड़की के माता-पिता और बड़ी बहन घर पर नहीं थे। इसी दौरान आरोपित ने यौन मंशा से नाबालिग का हाथ पकड़ लिया।
लड़की ने विरोध करते हुए हाथ छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन आरोपित ने उसे नहीं छोड़ा। किसी तरह पीड़िता वहां से निकलकर गैलरी में पहुंची और दरवाजा बंद कर लिया। आरोपित ने उसे घटना किसी को बताने पर धमकी भी दी। बाद में लड़की ने माता-पिता को पूरी बात बताई, जिसके बाद रावजी बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
पीड़िता की गवाही को विश्वसनीय माना
सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने पीड़िता की उम्र से जुड़े दस्तावेजों और उसकी गवाही का परीक्षण किया। कोर्ट ने पाया कि घटना के मुख्य पहलुओं पर पीड़िता के बयान लगातार एक जैसे रहे हैं। पुलिस को दिए बयान और अदालत में गवाही के बीच मामूली अंतर को स्वाभाविक मानते हुए इन्हें संदेह का आधार नहीं माना जा सकता।
कोर्ट ने यह भी कहा कि मां और बेटी के बयानों में छोटे-मोटे अंतर होने से अभियोजन का मामला कमजोर नहीं हो जाता। यौन अपराधों में पीड़िता की गवाही यदि विश्वसनीय है, तो दोषसिद्धि के लिए हर मामले में स्वतंत्र गवाह या अतिरिक्त पुष्टि अनिवार्य नहीं है।
यह भी पढ़ें- कनाडा-अलास्का में सैर-सपाटा कराने के नाम पर इंदौर के परिवार से 14.38 लाख की ठगी, फर्जी ट्रैवल एजेंट महिला गिरफ्तार
मंशा और परिस्थितियों से तय होगा अपराध
हाई कोर्ट ने साक्ष्यों और घटना की परिस्थितियों का आकलन करने के बाद निचली अदालत के फैसले में हस्तक्षेप का कोई आधार नहीं पाया। आरोपित की दोषसिद्धि और सजा कायम रखते हुए अपील निरस्त कर दी।
फैसले में स्पष्ट किया गया कि पॉक्सो एक्ट की धारा 7 के तहत यौन मंशा से किया गया शारीरिक संपर्क अपराध के दायरे में आता है। ऐसे मामलों में संपर्क किस प्रकार हुआ, इसके साथ आरोपित की मंशा और घटना की पूरी परिस्थितियों को भी ध्यान में रखना जरूरी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।