विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कनाडा-अलास्का में सैर-सपाटा कराने के नाम पर इंदौर के परिवार से 14.38 लाख की ठगी, फर्जी ट्रैवल एजेंट महिला गिरफ्तार

Published: Tue, 24 Nov 2026 03:11 PM (IST)

इंदौर के एक परिवार को कनाडा और अलास्का क्रूज यात्रा का झांसा देकर एक महिला ने 14.38 लाख रुपये से अधिक की ठगी की। क्राइम ब्रांच ने आरोपी महिला को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है, जिसने फर्जी टिकट और पीएनआर थमाकर परिवार को धोखा दिया था।

इंदौर पुलिस की गिरफ्त में आरोपी महिला (मध्य में)

इंदौर पुलिस की गिरफ्त में आरोपी महिला (मध्य में)

HighLights

  1. इंदौर परिवार से कनाडा-अलास्का यात्रा के नाम पर ठगी।

  2. फर्जी ट्रैवल एजेंट ने 14.38 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।

  3. आरोपी महिला पूजा सिंह फरीदाबाद से गिरफ्तार की गई।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। कनाडा और अलास्का की क्रूज यात्रा कराने का झांसा देकर एक परिवार से 14 लाख 38 हजार रुपये से अधिक की ठगी करने वाली महिला को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने कम खर्च में वीजा, होटल बुकिंग, क्रूज रिजर्वेशन और एयर टिकट दिलाने का भरोसा दिलाया। लाखों रुपये लेने के बाद उसने परिवार को फर्जी टिकट और पीएनआर थमाया और मोबाइल बंद कर फरार हो गई।

पुलिस ने सोमवार को हरियाणा के फरीदाबाद से आरोपित पूजा सिंह उर्फ तिवारी (28) को गिरफ्तार किया। वह सेक्टर-29 की निवासी है और 12वीं तक पढ़ी है। खुद को टूर एंड ट्रैवल्स एजेंट बताकर विदेश यात्रा के पैकेज दिलाने के नाम पर लोगों को झांसा देती थी। पलासिया क्षेत्र में रहने वाले पीड़ित परिवार ने 17 जुलाई 2026 को उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस अब ठगी की रकम बरामद करने के लिए उससे पूछताछ कर रही है।

परिचित के जरिए परिवार को जाल में फंसाया

पीड़ित परिवार कनाडा और अलास्का क्रूज पर जाने की योजना बना रहा था। इसी दौरान एक परिचित के माध्यम से उसकी मुलाकात पूजा सिंह से हुई। आरोपी महिला ने कम कीमत में कनाडा का वीजा, क्रूज बुकिंग, होटल और एयर टिकट की व्यवस्था कराने का दावा किया। उसकी बातों पर भरोसा कर परिवार ने बुकिंग के लिए रकम देना शुरू कर दिया।

यह भी पढ़ें- खरगोन में मौत की सूचना पर सजने लगी थी अर्थी, अस्पताल में जिंदा निकला मरीज; पुलिस की लापरवाही पर स्वजन में आक्रोश

नवंबर से दिसंबर 2025 के बीच परिवार ने आरोपी के पति के बैंक खाते में आरटीजीएस, चेक और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए 8 लाख 67 हजार 947 रुपये जमा किए। इसके अलावा मेकमायट्रिप और एयरबीएनबी के माध्यम से होटल व टिकट बुकिंग के नाम पर 5 लाख 70 हजार रुपये और लिए गए। इस तरह कुल 14 लाख 38 हजार 2 रुपये आरोपित ने हड़प लिए।

फर्जी पीएनआर देकर टालती रही, फिर फोन बंद किया

रकम मिलने के बाद जब यात्रा की तारीख नजदीक आई, तो आरोपी महिला ने वीजा और वास्तविक टिकट उपलब्ध नहीं कराए। परिवार को भरोसे में रखने के लिए उसने बायोमेट्रिक की गलत तारीख बताई और फर्जी एयर टिकट व पीएनआर नंबर दे दिया। परिवार ने टिकटों की पड़ताल की तो पूरा फर्जीवाड़ा सामने आ गया।

सच्चाई सामने आने के बाद पूजा ने मोबाइल बंद कर लिया और पीड़ित परिवार से संपर्क तोड़कर गायब हो गई। क्राइम ब्रांच ने अब उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उसके पति की भूमिका की भी जांच कर रही है, क्योंकि ठगी की रकम उसके बैंक खाते में जमा कराई गई थी। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी महिला ने अन्य लोगों को भी विदेश यात्रा के नाम पर इसी तरह तो नहीं ठगा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।