विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खरगोन में मौत की सूचना पर सजने लगी थी अर्थी, अस्पताल में जिंदा निकला मरीज; पुलिस की लापरवाही पर स्वजन में आक्रोश

Published: Tue, 24 Nov 2026 02:41 PM (IST)

खरगोन जिला अस्पताल में पुलिस ने एक मरीज को मृत घोषित कर दिया, जिससे उसके अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू हो गईं। हालांकि, बाद में पता चला कि राजेंद्र चौहान नामक वह व्यक्ति अस्पताल में जीवित और उपचाररत था, जिसके बाद परिवार ने पुलिस की लापरवाही पर शिकायत दर्ज कराई।

खरगोन जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती मरीज। (वीडियो ग्रैब)

खरगोन जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती मरीज। (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. पुलिस ने गलती से मरीज को मृत घोषित किया।

  2. अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच जिंदा मिला मरीज।

  3. परिवार ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

डिजिटल डेस्क, खरगोन। जिला अस्पताल में भर्ती एक व्यक्ति को पुलिस द्वारा मृत बताने के बाद अंतिम संस्कार की तैयारी तक पहुंचने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस से मौत की सूचना मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और खरगोन, खंडवा व बड़वानी सहित अन्य स्थानों से समाजजन वहां पहुंच गए। हालांकि जब यह बात सामने आई कि देवास जिले के शिप्रा निवासी राजेंद्र चौहान जिंदा हैं और जिला अस्पताल में भर्ती रहते हुए उपचाररत हैं, तो सभी चौंक गए।

मामले में पुलिस अधिकारी कैमरे के सामने बोलने से कतराते रहे। वासुदेव समाज अध्यक्ष चंदन चौहान ने जिला अस्पताल पुलिस चौकी के तीन पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने प्रधान आरक्षक वहाब खान, जितेंद्र रावत व माधव सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। चौहान ने बताया कि पुलिस चौकी व कंट्रोल रूम से मृत्यु की सूचना मिलने के बाद उन्होंने मोबाइल से राजेंद्र चौहान के निधन के संदेश सामाजिक समूहों पर भेज दिए। इसी सूचना पर दूर-दूर से रिश्तेदार यहां पहुंचे और अंतिम संस्कार की तैयारी की गई।

एसपी कार्यालय पहुंचकर की शिकायत

चौहान के अनुसार जब स्वजन शव लेने जिला अस्पताल पहुंचे तो उन्हें आधा घंटा रुकने को कहा गया और बाद में बताया गया कि राजेंद्र चौहान जिंदा हैं। स्वजन ने आरोप लगाया कि पुलिस की ओर से इस तरह की गंभीर चूक की गई। मामले को लेकर समाजजनों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई है।

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र से आए युवक की इंदौर में संदिग्ध मौत, स्वजन ने जताई नरबलि की आशंका; जांच जारी

एक माह पहले भर्ती हुआ था मरीज

जैतापुर थाना प्रभारी सुदर्शन कलोसिया ने बताया कि यह मरीज करीब एक माह पहले जिला अस्पताल में भर्ती हुए थे। उनके साथ कोई नहीं था, तो उनके फोटो प्रसारित किए गए थे। इस पर वासुदेव समाज अध्यक्ष चौहान ने बताया था कि यह व्यक्ति राजेंद्र चौहान निवासी शिप्रा जिला देवास के निवासी हैं और कोई भी समस्या होने पर संपर्क करने को कहा था।

गत 19 नवंबर को उन्हें अस्पताल से रिलीव भी कर दिया गया था। उनके वापस अस्पताल भर्ती होने पर अस्पताल चौकी के पुलिसकर्मी से त्रुटिवश उनके निधन की जानकारी दे दी गई थी, जिसकी उसने माफी भी मांगी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।