MP के बड़वानी में नकली नोटों की फैक्ट्री का भंडाफोड़ : दो आरोपी गिरफ्तार, 98 जाली नोट और प्रिंटर जब्त
बड़वानी जिले में पलसूद पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 500-500 रुपये के ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।
HighLights
पलसूद पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया।
दो आरोपी गिरफ्तार, 98 नकली नोट और प्रिंटर जब्त किए गए।
कियोस्क सेंटर में रंगीन प्रिंटर से छापे जा रहे थे जाली नोट।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। बड़वानी जिले में पलसूद पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 500-500 रुपये के कुल 98 नकली नोट, एक रंगीन प्रिंटर-स्कैनर सहित अन्य सामग्री जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब आरोपियों से नेटवर्क और नोटों के इस्तेमाल को लेकर पूछताछ कर रही है।
गुरुवार दोपहर पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पलसूद थाना प्रभारी सुखलाल भंवर ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की।
स्कॉर्पियो रोककर पकड़े गए आरोपी
पुलिस ने मटली की ओर से आ रही एक सफेद स्कार्पियो को घेराबंदी कर रोका। वाहन में सवार भागीराम पुत्र हमरिया कनोजे निवासी मटली, थाना पलसूद और गोविंद पुत्र सुवालाल बांडोड निवासी हीरकराय, थाना सिलावद को मौके पर गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान भागीराम की पेंट से 500 रुपये के 48 नकली नोट और गोविंद बांडोड के पास से 500 रुपये के 50 नकली नोट बरामद किए गए।
यह भी पढ़ें- इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज में लापरवाही की हद : नर्स की गलती से डेढ़ माह के मासूम का अंगूठा कटा, जमीन पर गिरा
कियोस्क सेंटर में छापे जा रहे थे जाली नोट
पुलिस पूछताछ में भागीराम ने खुलासा किया कि उसका सिलावद में कियोस्क सेंटर है, जहां रंगीन प्रिंटर-स्कैनर की मदद से नकली नोट छापे जा रहे थे। इन नकली नोटों को बाजार में खपाने के इरादे से वह बाहर जा रहा था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सिलावद स्थित कियोस्क सेंटर पर छापा मारा। वहां से 500 रुपये के 8 असली नोट, 100 रुपये के 8 असली नोट (जिनकी फोटो कॉपी कर नकली नोट बनाए गए थे), एक रंगीन प्रिंटर-स्कैनर, कैंची और टेप जब्त किए गए।
98 नकली नोट जब्त, केस दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 500 रुपये के 98 नकली नोट जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 179, 180 और 181 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और मामले की गहन जांच कर रही है।
