विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सनातन के विरोधियों का देवस्थानों में प्रवेश नहीं होना चाहिए', मोरारी बापू ने उज्जैन में कही बड़ी बात

By Raj KaushikEdited By: Ravindra Soni
Published: Tue, 17 Nov 2026 11:02 PM (IST)

मोरारी बापू ने उज्जैन में रामकथा के दौरान कहा कि सनातन धर्म का विरोध करने वालों को देवस्थानों में प्रवेश ...और पढ़ें

भारत स्वस्तिक यात्रा के तहत मंगलवार को उज्जैन में रामकथा करते मोरारी बापू। (फोटो- जागरण)

भारत स्वस्तिक यात्रा के तहत मंगलवार को उज्जैन में रामकथा करते मोरारी बापू। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. भारत स्वस्तिक यात्रा के चौथे पड़ाव पर उज्जैन में रामकथा।

  2. रामकथा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी हुए शामिल।

  3. 2028 सिंहस्थ कुंभ में 'मानस महादेव' सुनाएंगे मोरारी बापू।

राज कौशिक, उज्जैन। द्वारका से 13 नवंबर को रवाना हुई दूसरे चरण की भारत स्वस्तिक यात्रा का चौथा पड़ाव उज्जैन रहा। इस मौके पर मंगलवार को पौराणिक सांदीपनि आश्रम के समीप आयोजित एक दिवसीय रामकथा में रामकथा वक्ता मोरारी बापू ने सनातन धर्म के संरक्षण और उसकी मूल विचारधारा को लेकर महत्वपूर्ण बात कही।

उन्होंने कहा कि धर्मस्थलों और देवस्थानों में सनातन का विरोध करने वालों का प्रवेश नहीं होना चाहिए। सनातन की मूल धारा अक्षुण्ण बनी रहे, इसके लिए इस परंपरा का पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म किसी के प्रति दुर्भावना या बैर नहीं रखता, लेकिन उसकी आस्था और मूल विचारधारा पर कुठाराघात के प्रयासों को भी स्वीकार नहीं किया जा सकता।

‘सनातन वटवृक्ष की छाया में रहें, जड़ों को नुकसान न पहुंचाएं’

मोरारी बापू ने कहा कि आज सनातन धर्म के लिए विशेष जागरण की आवश्यकता है। कई धर्म और उपासना पद्धति ऐसी हैं, जो अपने तीर्थस्थलों में सनातन धर्म के अनुयायियों को प्रवेश तक नहीं करने देतीं। सनातन धर्म सभी के कल्याण, मंगल और शुभ की कामना करता है। यह ऐसा वटवृक्ष है, जिसकी डालियों पर झूलें, घोंसले बनाएं और इसकी छाया में विश्राम करें, लेकिन इसकी जड़ों को काटने का प्रयास न करें।

मुख्यमंत्री हुए शामिल

रामकथा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। मोरारी बापू ने डा. यादव के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में जनसेवा का जो अवसर मिला है, उसका वह सदुपयोग कर रहे हैं। कथा पश्चात भारत स्वस्तिक यात्रा दो विशेष ट्रेनों से नागपुर के लिए रवाना हो गई।

morari bapu mahakal darshan 85695

भारत के सभी तीर्थों का विकास उज्जैन की तरह हो

मोरारी बापू ने उज्जैन में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सोमनाथ, अयोध्या, काशी, वृंदावन, बेट द्वारका और प्रयाग सहित देश के सभी तीर्थस्थलों का विकास उज्जैन की तरह होना चाहिए। तीर्थों पर श्रद्धालुओं को सुविधाएं देना भी कल्याणकारी और स्वस्तिक कार्य है।

यह भी पढ़ें- उज्जैन की वैश्य टेकरी में 88 साल बाद फिर उत्खनन की तैयारी, सांची से भी बड़े बौद्ध स्तूप का रहस्य खोजेगा ASI

2028 के सिंहस्थ में सुनाएंगे ‘मानस महादेव’

मोरारी बापू ने घोषणा की कि 2028 के सिंहस्थ कुंभ में वह रामचरितमानस लेकर आएंगे और ‘मानस महादेव’ शीर्षक से रामकथा का गायन करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी प्रत्येक सुबह महाकाल के मंदिर में ही होती है। सुबह उठते ही महाकाल का भाव जागता है। स्नान के समय अहंकार और दंभ त्यागकर भावपूर्वक रुद्राष्टक का पाठ किया जाए तो घर में भी महाकाल का मंदिर अनुभव किया जा सकता है।

आज से ही हो गई है कुंभ की शुरुआत

मोरारी बापू के उज्जैन आने से ऐसा लग रहा है कि 2028 के सिंहस्थ कुंभ की शुरुआत आज से ही हो गई है। कुंभ में श्रद्धालुओं को कोई भी परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा।
- डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।