चीन को चुनौती देने वाले हूण राजा को मंदसौर में मिली थी शिकस्त, 1500 साल पुरानी विजयगाथा पत्थरों पर दर्ज; ASI करेगा अध्ययन
मंदसौर में सम्राट यशोधर्मन ने 1500 साल पहले हूण शासक मिहिरकुल को पराजित किया था, जिसकी याद में सोंधनी में दो विजय स्तंभ स्थापित हैं। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) इन स्तंभों का अध्ययन कर रहा है ताकि 2028 के उज्जैन सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालु इन्हें जान सकें।

मंदसौर के समीप सोंधनी में हूणों पर यशोधर्मन की विजय का प्रतीक स्तंभ एवं जानकारी के लिए लगाया गया सूचना पट्ट। (फोटो जागरण)
HighLights
सम्राट यशोधर्मन ने हूण शासक मिहिरकुल को मंदसौर में हराया।
सोंधनी में स्थापित विजय स्तंभ 1500 साल पुरानी गाथा बताते हैं।
एएसआई 2028 सिंहस्थ के लिए इन स्तंभों का अध्ययन कर रहा है।
आलोक शर्मा, मंदसौर। छठवीं शताब्दी में जिन हूणों ने चीन की नाक में दम कर दिया था, उनसे बचने को चीन ने ऐतिहासिक दीवार बनाई थी। उन्हीं हूणों के राजा मिहिरकुल को मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले (प्राचीन नाम- दशपुर) की धरती पर मालवा के तत्कालीन सम्राट यशोधर्मन ने पराजित किया था। इसी ऐतिहासिक विजय को यहां के सोंधनी में स्थापित दो 'विजय स्तंभ' आज भी याद दिलाते हैं।
1500 साल पहले पत्थरों पर लिखी गई विजय की गाथा 13वीं शताब्दी में आए भूकंप में गिर गई थी। नवंबर 2004 में एक विजय स्तंभ को फिर से जोड़कर खड़ा किया गया। यह स्थान अब भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधीन है। एएसआई ने इस विशाल स्तंभ को अपने अध्ययन में शामिल किया है। उद्देश्य है कि वर्ष 2028 में उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालु आसपास के धार्मिक पर्यटन क्षेत्र मंदसौर पहुंचने पर सम्राट यशोधर्मन के स्तंभों पर लिखी विजयगाथा को जान सकें।
नौ पंक्तियों के अभिलेख में दर्ज विजय का इतिहास
विजय स्तंभ पर उत्कीर्ण प्रशस्ति की नौ लाइन में सात श्लोक में सम्राट यशोधर्मन की हूण शासक मिहिरकुल पर विजय का उल्लेख है। कर्नाटक के कलाकार नंदप्पा, दासप्पा ने इनको उत्कीर्ण किया था। अभिलेख में बताया गया कि उस समय यशोधर्मन का साम्राज्य पूर्व में ब्रह्मपुत्र से पश्चिम में समुद्र तक, उत्तर में हिमालय से लेकर दक्षिण में महेंद्र पर्वत तक विस्तारित था।

उसकी वीरता का काव्यात्मक वर्णन कवि वासुल तथा गोविंद ने किया था। ये स्तंभ बताते हैं कि उस दौर में राजा अपनी विजय, धार्मिक आस्था और राजनीतिक शक्ति को पत्थरों पर किस तरह अमर करते थे।
यह भी पढ़ें- धार में भूख से बेहाल पिता ने मांगी रोटी तो बेटे ने पीट-पीटकर मार डाला, बचाने पहुंची मां पर भी हमला
1880 में इनके बारे में पता लग सका
मंदसौर में जिला पुरातत्व संग्रहालय के पूर्व अध्यक्ष और श्री दशपुर एडवांस्ड स्टडीज सेंटर के निदेशक कैलाशचंद्र पांडेय ने बताया कि साल 1880 में अजमेर-महू रेलमार्ग के निर्माण के दौरान एक अंग्रेज अधिकारी आर्थर सुलविन ने ये पुरावशेष देखे थे। इसके बाद ही दशपुर के सम्राट यशोधर्मन के बारे में सबको जानकारी हुई। लगभग 45 वर्षों तक यह ऐसे ही पड़े रहे, फिर ग्वालियर स्टेट के पुराविद एमबी गद्रे ने 1926 में इन स्तंभों को चबूतरे पर रखवाया।