विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महाकाल की सवारी का साथी श्यामू गजराज उज्जैन से विदा, गुजरात के वनतारा में होगा पैरों की बीमारी का इलाज

Published: Thu, 19 Nov 2026 03:07 PM (GMT+05:30)

उज्जैन की महाकाल सवारी का वर्षों तक हिस्सा रहे श्यामू हाथी को पैरों की बीमारी के इलाज के लिए गुजरात ...और पढ़ें

श्यामू हाथी महावत के साथ। (फाइल फोटो)

श्यामू हाथी महावत के साथ। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. श्यामू हाथी को पैरों की बीमारी के इलाज हेतु वनतारा भेजा।

  2. उज्जैन में बाबा महाकाल सवारी का वर्षों से अभिन्न अंग रहा।

  3. वनतारा में होगा उपचार, महावत परिवार को भी मिला रोजगार।

डिजिटल डेस्क, उज्जैन। भगवान महाकाल की सवारी में वर्षों तक शान से शामिल होने वाला श्यामू हाथी अब उज्जैन से विदा हो गया है। पैरों में हड्डियों से जुड़ी बीमारी के कारण चलने-फिरने में परेशानी का सामना कर रहे श्यामू को विशेषज्ञों की निगरानी में विशेष वाहन से गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा भेजा गया है। यहां उसे बेहतर उपचार और देखभाल मिलेगी।

श्यामू लंबे समय से पैरों की बीमारी से जूझ रहा था। स्थानीय पशु चिकित्सकों की टीम लगातार उसका उपचार कर रही थी, लेकिन उसकी स्थिति को देखते हुए विशेषज्ञों ने बेहतर चिकित्सा सुविधाओं वाले केंद्र में भेजने की सलाह दी। इसी पर श्यामू को वनतारा शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया।

दो साल से चल रही थी भेजने की तैयारी

श्यामू का उपचार करने वाले वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. मुकेश जैन के अनुसार, हाथी की देखभाल वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी शीर्ष संस्थाओं की निगरानी में की जा रही थी। महाकाल का सेवक होने के नाते उसकी विशेष देखभाल की व्यवस्था थी। श्यामू को बेहतर इलाज के लिए दूसरे केंद्र भेजने की प्रक्रिया करीब दो साल से चल रही थी।

शुरुआत में उसे आगरा स्थित भारत सरकार के वन्यजीव अस्पताल भेजने की योजना बनाई गई थी, लेकिन वनतारा में उपलब्ध अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को देखते हुए गुजरात भेजने पर सहमति बनी। यहां वन्यजीवों के इलाज के लिए विश्वस्तरीय संसाधन और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उपलब्ध है। संस्था में करीब 300 डॉक्टरों की टीम है, जिनमें लगभग 200 विदेशी चिकित्सक शामिल बताए गए हैं।

महावत परिवार की आजीविका का भी ध्यान

श्यामू की देखभाल इंदौर रोड स्थित साईंनाथ कॉलोनी निवासी सरमन गिरि महाराज और उनके सहायकों द्वारा की जाती थी। सरमन गिरि पहले रामू और बाद में श्यामू हाथी की देखरेख करते रहे। दोनों हाथियों का महाकाल की सवारी में शामिल होना उनके परिवार की आजीविका का भी प्रमुख साधन था।

श्यामू को वनतारा भेजने के साथ संस्था की ओर से परिवार के दो सदस्यों को रोजगार भी उपलब्ध कराया गया है, ताकि हाथी के उज्जैन से जाने के बाद उनके परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा न हो और भरण-पोषण में परेशानी नहीं आए।

यह भी पढ़ें- इंदौर में चार्टर्ड बस डिपो में लगी भीषण आग, करोड़ों की 6 बसें जलकर खाक; 100 से ज्यादा बसें थी खतरे में

रामू से श्यामू और अब सुमा तक महाकाल की सवारी

महाकाल की सवारी में हाथियों की सेवा का सिलसिला दशकों पुराना रहा है। रामू हथिनी ने लंबे समय तक यह जिम्मेदारी निभाई, जिसके बाद श्यामू ने परंपरा को आगे बढ़ाया। अब उसकी जगह सुमा हथिनी सवारी में शामिल हो रही है।

  • रामू हथिनी (1980–2016): करीब 36 साल तक भगवान महाकाल की सवारी में शामिल रही। बीमारी और निधन के बाद उसके पुत्र श्यामू ने जिम्मेदारी संभाली।
  • श्यामू हाथी (2016–2025): नौ साल तक महाकाल की सवारी में सेवा दी। पैरों में हड्डियों से संबंधित बीमारी के चलते अब उपचार के लिए वनतारा भेजा गया है।
  • सुमा हथिनी (2026 से): श्यामू के अस्वस्थ होने के बाद महाकाल की सवारी में शामिल होकर सेवा की परंपरा को आगे बढ़ा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।