इंस्टाग्राम बायो में लिखी थी मौत की तारीख, खंडवा में उसी दिन कमरे में मिला 19 वर्षीय छात्र का शव
खंडवा में 19 वर्षीय आईटीआई छात्र आदेश कनाड़े का शव उसके किराये के कमरे में मिला। चौंकाने वाली बात यह ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र। (इनसेट में- इंस्टाग्राम बायो की इमेज और युवक का जीवित अवस्था का फोटो)
HighLights
19 वर्षीय आईटीआई छात्र आदेश कनाड़े का शव मिला।
इंस्टाग्राम बायो में जन्म और मृत्यु की तारीख लिखी थी।
पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है।
डिजिटल डेस्क, खंडवा। शहर की नर्मदापुरम कालोनी में 19 वर्षीय आईटीआई छात्र आदेश कनाड़े का शव किराये के कमरे में मिला। वह अपने मामा के यहां रहकर पढ़ाई कर रहा था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामे की कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की गई।
इंस्टाग्राम बायो ने चौंकाया
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात छात्र के इंस्टाग्राम बायो में लिखी तारीख है। आदेश ने अपनी जन्मतिथि के साथ मृत्यु की तारीख भी दर्ज कर रखी थी। बायो में जन्म के आगे 19 जून और मृत्यु के आगे 11 नवंबर लिखा हुआ था। संयोग से इसी तारीख को उसकी मौत हुई। घटना से पहले उसने इंटरनेट मीडिया पर जीवन और मृत्यु से जुड़ी निराशा जाहिर करने वाली पोस्ट भी साझा की थी।
इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय था युवा छात्र
आदेश इंटरनेट मीडिया पर काफी सक्रिय रहता था। उसके अकाउंट पर ब्रेकअप और टूटे दिल से जुड़ी कई रील्स भी पोस्ट थीं। शुरुआती जानकारी में किसी लड़की से प्रेम संबंध टूटने के बाद उसके तनाव में रहने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। परिजनों के अनुसार घर में किसी तरह का विवाद नहीं था। उन्हें भी आदेश की मौत की वजह समझ नहीं आ रही है।
विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही पुलिस
घटनास्थल की जांच में पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में बायो में मृत्यु की तारीख लिखने और घटना से पहले की गई पोस्ट को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है। पुलिस आदेश के दोस्तों, परिजनों और परिचितों से जानकारी जुटा रही है। कोतवाली पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।एएसपी आदित्य सिंघारिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।