विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खंडवा में 'मध्य प्रदेश शासन' लिखी बोलेरो से भिड़ी कार, कांग्रेस नेता समेत दो की मौत; एंबुलेंस लौटाने का भी आरोप

Published: Fri, 13 Nov 2026 04:08 PM (GMT+05:30)

खंडवा में भीषण सड़क हादसे में कांग्रेस के खकनार ब्लॉक अध्यक्ष अजय महाजन और बोलेरो चालक सहित दो लोगों की ...और पढ़ें

कांग्रेस नेता अजय महाजन की सड़क हादसे में मौत।

कांग्रेस नेता अजय महाजन की सड़क हादसे में मौत।

HighLights

  1. खंडवा में भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत।

  2. कांग्रेस नेता अजय महाजन और बोलेरो चालक ने गंवाई जान।

  3. घायलों को अस्पताल ले जाने में एंबुलेंस लौटाने का आरोप।

डिजिटल डेस्क, खंडवा। प्रदेश के खंडवा जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में कांग्रेस के खकनार (बुरहानपुर) ब्लॉक अध्यक्ष अजय महाजन समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पिपलोद थाना क्षेत्र के ग्राम लछौरा के पास दो कारों की आमने-सामने इतनी जबरदस्त टक्कर हुई कि एक वाहन सड़क से नीचे जाकर पलट गया, जबकि दूसरी कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में बोलेरो सवार चालक की भी जान चली गई। वहीं, घायलों को अस्पताल पहुंचाने के दौरान एंबुलेंस लौटाने और लाठियां निकालकर विवाद करने के आरोप भी सामने आए हैं।

दीपावली मिलन समारोह से लौट रहे थे अजय महाजन

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को जसवाड़ी रोड पर ग्राम टिगरिया के पास एक होटल में कांग्रेस का दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया था। पूर्व सांसद अरुण यादव की मौजूदगी में हुए इस आयोजन में खंडवा और बुरहानपुर लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए थे।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बुरहानपुर जिले के खकनार निवासी अजय महाजन अपने भांजे अक्षय, मामा और एक अन्य व्यक्ति के साथ कार (MP 68 C 2551) से घर लौट रहे थे। रात करीब 12 से 1 बजे के बीच ग्राम लछौरा के पास उनकी कार सामने से आ रही बोलेरो (MP 47 T 0281) से टकरा गई।

टक्कर में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़े

हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। अजय महाजन और बोलेरो में सवार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। चालक की पहचान को लेकर शुरुआती जानकारी में श्रवण नाम सामने आया था, जबकि बाद में सुनील नाम बताया गया। पुलिस इसकी पुष्टि कर रही है।

कार में सवार अक्षय और प्रमोद गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एंबुलेंस लौटाई और निकाली लाठियां

दुर्घटना के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने को लेकर भी विवाद की स्थिति बनने का आरोप है। घायल अक्षय के मुताबिक, टक्कर के बाद कार में फंसे लोग गंभीर हालत में थे। उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस बुलाई गई थी, लेकिन आरोप है कि बोलेरो सवार लोगों ने विवाद शुरू कर दिया और एंबुलेंस को वापस लौटा दिया। इस दौरान लाठियां निकालने की बात भी सामने आई है।

यह भी पढ़ें- कोविड में छूटी नौकरी, 70 हजार का बकाया... इंदौर में रिटायर्ड DSP के बेटे ने होटल की चौथी मंजिल से कूदकर दी जान

बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो पर 'मध्यप्रदेश शासन' लिखा हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात संभालते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और एंबुलेंस लौटाने के साथ मारपीट की धमकी देने के आरोपों में कितनी सच्चाई है, इसकी जांच की जा रही है। कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण आर्य के अनुसार, मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंपे जाएंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।