विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UGC नियमों के विरोध में करणी सेना का प्रदर्शन, रतलाम में भोपाल कूच से पहले रोकी यात्रा; राष्ट्रीय अध्यक्ष मकराना समेत 27 गिरफ्तार

Published: Wed, 11 Nov 2026 06:57 PM (IST)

यूजीसी के नए नियमों के विरोध में राजपूत करणी सेना की सवर्ण न्याय पैदल यात्रा रतलाम में पुलिस ने रोक ...और पढ़ें

रतलाम में करणी सेना का उग्र प्रदर्शन।

रतलाम में करणी सेना का उग्र प्रदर्शन।

HighLights

  1. सवर्ण न्याय पैदल यात्रा रोकी, राजपूत बोर्डिंग पर पुलिस से बहस-झूमाझटकी।

  2. पुलिस ने वाटर कैनन का उपयोग कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया।

  3. महिपाल सिंह मकराना समेत 27 कार्यकर्ता गिरफ्तार और जेल भेजे गए।

डिजिटल डेस्क, रतलाम। यूजीसी के नए समानता विनियमों के विरोध में राजपूत करणी सेना की ओर से बुधवार से शुरू की जाने वाली सवर्ण न्याय पैदल यात्रा पहले ही दिन हंगामे और पुलिस कार्रवाई के बीच उलझ गई। रतलाम से भोपाल तक प्रस्तावित इस यात्रा को अनुमति नहीं मिलने पर पुलिस ने यात्रा के प्रारंभ स्थल राजपूत बोर्डिंग पर ही कार्यकर्ताओं को रोक लिया।

विरोध और नारेबाजी के बीच पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल भी किया। बाद में पुलिस ने राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना सहित 27 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया, जिन्हें शाम को एसडीएम कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

करणी सेना ने किया था पैदल यात्रा का आह्वान

दरअसल, राजपूत करणी सेना ने 11 नवंबर से रतलाम से भोपाल तक सवर्ण न्याय पैदल यात्रा शुरू करने का ऐलान किया था। सुबह 11 बजे से ही कार्यकर्ता बोर्डिंग पर जुटने लगे थे। अन्य समाजों के वरिष्ठजन भी समर्थन में वहां पहुंचे।
करीब दोपहर 12.40 बजे जैसे ही कार्यकर्ताओं ने यात्रा शुरू करने का प्रयास किया, पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बाहर ही रोक दिया। इस पर कार्यकर्ता नाराज हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी।

इसी बीच राजपूत बोर्डिंग का पिछला गेट खोलकर कुछ कार्यकर्ताओं ने बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने मुख्य मार्ग पर पहुंचते ही उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच बहस के साथ झूमाझटकी भी हुई।

मकराना लोकेंद्र टाकीज होते हुए निकले, पुलिस ने पकड़ा

इसी बीच श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना भी मौके पर पहुंच गए। करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन और नारेबाजी का दौर चलता रहा। इसके बाद मकराना कुछ साथियों के साथ लोकेंद्र टॉकीज होते हुए न्यूरोड की ओर पैदल निकल गए। इधर, राजपूत बोर्डिंग पर रोके गए कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी करते रहे।

Rtlm Karni sena protest 85966

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ भी नारे लगाए। पुलिस ने बोर्डिंग पर मौजूद कार्यकर्ताओं और न्यूरोड पर राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना को भी गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद सभी को पुलिस वाहनों से सैलाना थाने पहुंचाया।

यह भी पढ़ें- देवास पटाखा फैक्ट्री विस्फोट: 12 मजदूरों की मौत के मामले में दो आरोपियों को हाई कोर्ट से जमानत, जानिए अदालत ने क्या कहा

सैलाना थाने पहुंचे अधिकारी

दोपहर करीब 3 बजे हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को सैलाना थाने लाया गया। यहां एसडीएम शहर तरूण जैन, एएसपी राकेश पंद्रो और सीएसपी सत्येंद्र सिंह घनघोरिया भी पहुंचे। पुलिस की कार्रवाई के बाद शाम करीब 5 बजे मकराना सहित कार्यकर्ताओं को एसडीएम रतलाम कोर्ट में पेश किया गया।

Rtlm Karni sena protest 85967

फिर शुरू करेंगे यात्रा

राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने कहा कि यूजीसी के नए समानता विनियमों के विरोध में शुरू की गई सवर्ण न्याय पैदल यात्रा का उद्देश्य पूरा होने तक आंदोलन जारी रहेगा। छूटते ही भोपाल के लिए यात्रा दोबारा शुरू करेंगे। 10 जनवरी को दिल्ली के लिए भी पैदल यात्रा निकाली जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।