विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विदेशी विश्वविद्यालयों में पढ़ाए जा रहे महाकवि कालिदास के ग्रंथ, रंगमंच पर जीवंत है 'शकुंतला'

By Dheeraj GomeEdited By: Ravindra Soni
Published: Wed, 25 Nov 2026 09:26 PM (IST)

महाकवि कालिदास की रचनाएँ, विशेषकर 'अभिज्ञानशाकुंतलम्', 35 से अधिक विदेशी विश्वविद्यालयों में पढ़ाई जा रही हैं और अंतरराष्ट्रीय रंगमंच पर भी जीवंत हैं। उनकी कृतियों का 1789 में अंग्रेजी अनुवाद हुआ, जिसने यूरोपीय साहित्यकारों को प्रभावित किया और उन्हें वैश्विक पहचान दिलाई।

कालिदास संस्कृत अकादमी में स्थापित महाकवि कालिदास की प्रतिमा। (फोटो- जागरण)

कालिदास संस्कृत अकादमी में स्थापित महाकवि कालिदास की प्रतिमा। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. कालिदास की रचनाएं दुनिया के 35 से अधिक विश्वविद्यालयों में पढ़ाई जाती हैं।

  2. 'अभिज्ञानशाकुंतलम्' का 1789 में अंग्रेजी अनुवाद हुआ, वैश्विक पहचान मिली।

  3. उनकी कृतियाँ अंतरराष्ट्रीय रंगमंच पर भी सफलतापूर्वक प्रस्तुत की जाती हैं।

धीरज गोमे, उज्जैन। महाकवि कालिदास की साहित्यिक प्रतिभा का उत्सव उज्जैन में सात दिनों तक मनाया जा रहा है, लेकिन उनकी रचनाओं की गूंज सात समंदर पार भी सुनाई दे रही है। 21 नवंबर से शुरू हुए सात दिवसीय अखिल भारतीय कालिदास समारोह के बीच यह जानना भी खास है कि जिस महाकवि की साहित्य साधना को उज्जैन से जोड़कर देखा जाता है, उनके ग्रंथ 35 से अधिक विश्वविद्यालयों में पढ़ाए जा रहे हैं। दुनिया के रंगमंच पर उनका कालजयी नाटक 'अभिज्ञानशाकुंतलम्' नए रूपों में जीवंत है। नाटक की नायिका शकुंतला ऋषि विश्वामित्र और अप्सरा मेनका की पुत्री हैं।

प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में पढ़ाए जाते हैं कालिदास

अमेरिका के हार्वर्ड, शिकागो, कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय के बर्कले परिसर और कोलंबिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संस्कृत एवं भारतीय साहित्य के अध्ययन के दौरान कालिदास की रचनाएं विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए महत्वपूर्ण विषय हैं। 'अभिज्ञानशाकुंतलम्', 'मेघदूतम्' सहित उनकी कृतियों के माध्यम से भारतीय काव्य परंपरा, प्रकृति चित्रण, प्रेम और मानवीय संवेदनाओं को समझा जाता है।

1789 में हुआ था 'अभिज्ञानशाकुंतलम्' का अंग्रेजी अनुवाद

कालिदास की अंतरराष्ट्रीय ख्याति का बड़ा पड़ाव वर्ष 1789 में आया, जब ब्रिटिश विद्वान सर विलियम जोन्स ने 'अभिज्ञानशाकुंतलम्' का अंग्रेजी अनुवाद प्रकाशित किया। इसके बाद 1791 में इसका जर्मन अनुवाद सामने आया। जर्मनी के महान साहित्यकार योहान वोल्फगांग गोएथे इस नाटक से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने इसकी प्रशंसा में कविता लिखी। इसके बाद यूरोप में भारतीय साहित्य के प्रति रुचि बढ़ी और कालिदास की रचनाएं अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक विमर्श का हिस्सा बन गईं।

यह भी पढ़ें- रतलाम में प्रेम विवाह से नाराज परिवार ने बेटी का किया मृत्यु भोज, तस्वीर पर चढ़ाई माला; 3 दिसंबर को होनी थी शादी

विदेशी रंगमंच तक पहुंचा 'अभिज्ञानशाकुंतलम्'

कालिदास की लोकप्रियता केवल अनुवाद और विश्वविद्यालयों तक सीमित नहीं रही। उनकी कालजयी रचना 'अभिज्ञानशाकुंतलम्' विदेशी रंगमंच पर भी अपनी छाप छोड़ चुकी है। कण्व ऋषि के आश्रम में पली-बढ़ी नाटक की नायिका शकुंतला का राजा दुष्यंत से प्रेम और गंधर्व विवाह होता है। दुर्वासा ऋषि के शाप के कारण दुष्यंत उन्हें भूल जाते हैं। अंततः एक अंगूठी के माध्यम से स्मृति लौटने पर दोनों का मिलन होता है।

प्रेम, विरह, स्मृति और पुनर्मिलन की यह कथा दुनिया भर के रंगकर्मियों को आकर्षित करती रही है। 1919 में लंदन के विंटर गार्डन थिएटर में इसका मंचन हुआ। पोलैंड के प्रसिद्ध रंगकर्मी यर्जी ग्रोटोव्स्की ने 1960 में इस पर आधारित प्रस्तुति तैयार की। वर्ष 2009 में लंदन के यूनियन थिएटर में भी इसका नया रंगमंचीय रूप प्रस्तुत किया गया।

कालिदास का साहित्य देश-काल से परे

कालिदास संस्कृत अकादमी के निदेशक डा. गोविंद गंदे ने कहा कि कालिदास का साहित्य किसी एक देश, भाषा या कालखंड तक सीमित नहीं है। उनकी रचनाओं में प्रकृति, प्रेम, मानवीय संवेदना और जीवन दर्शन का ऐसा समन्वय है, जो हर समय और समाज के पाठकों को आकर्षित करता है। विदेशी विश्वविद्यालयों में उनके ग्रंथों का अध्ययन और अंतरराष्ट्रीय रंगमंच पर उनकी रचनाओं की प्रस्तुतियां उनकी वैश्विक साहित्यिक स्वीकार्यता को दर्शाती हैं। कालिदास की रचनाओं की यही विशेषता उन्हें विश्व साहित्य में विशिष्ट स्थान दिलाती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।